You are currently viewing पंजाब में पुलिस सुस्त, चोर मस्त: दिनदहाड़े टीचर दंपती के घर से गहने उड़ाए, हफ्ते में 5वीं वारदात

पंजाब में पुलिस सुस्त, चोर मस्त: दिनदहाड़े टीचर दंपती के घर से गहने उड़ाए, हफ्ते में 5वीं वारदात

लुधियाना: शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अब दिनदहाड़े बंद घरों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला जगराओं के सिधवां बेट रोड स्थित पॉवरकॉम दफ्तर के पास का है, जहाँ चोरों ने एक टीचर दंपती के घर को निशाना बनाते हुए लाखों के गहनों और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक गुरमीत सिंह और उनकी पत्नी शुक्रवार सुबह घर पर ताला लगाकर स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान एक युवक उनके घर का गेट फांदकर अंदर दाखिल हुआ। चोर ने घर की अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखी सोने की दो बालियों के सेट, एक बच्चे की अंगूठी और चांदी की चेन समेत अन्य कीमती सामान चुरा लिया।

दोपहर में जब दंपती स्कूल से घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला तो ठीक था, लेकिन अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खोलने पर उसमें रखे गहने गायब मिले, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें एक युवक घर में दाखिल होता और चोरी की वारदात को अंजाम देता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। लोगों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से चरमरा गई है। पिछले एक हफ्ते के भीतर इलाके में चोरी और लूटपाट की यह पांचवीं बड़ी वारदात है, लेकिन पुलिस किसी भी मामले में चोरों को पकड़ने में नाकाम रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरों के गिरोह पर नकेल कसने की मांग की है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Police is lazy in Punjab, thieves are happy