
लुधियाना: जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ उसके ही दो परिचित युवकों द्वारा पहले लुधियाना और फिर अमृतसर के एक होटल में ले जाकर गैंगरेप करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना साहनेवाल पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर मनोज और शुभम नामक दो युवकों के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना साहनेवाल पुलिस को दी अपनी शिकायत में एक स्थानीय महिला ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी पास के ही एक स्कूल में पढ़ती है। आरोपी मनोज और शुभम उसकी बेटी के परिचित हैं। कुछ दिन पहले, जब बेटी दोपहर के समय स्कूल से घर लौट रही थी, तो दोनों युवक उसे रास्ते में मिले। आरोप है कि दोनों उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बिठाकर मनोज के घर ले गए।
पीड़िता की मां के अनुसार, वहां आरोपियों ने उनकी बेटी की स्कूल की वर्दी उतरवाकर उसे पैंट-शर्ट पहना दी। इसके बाद वे उसे अपने एक दोस्त के घर ले गए जहां उन्होंने नाबालिग के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर उसके साथ बलात्कार किया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों का अत्याचार यहीं नहीं रुका। वे रोती-बिलखती पीड़िता को लुधियाना से अमृतसर ले गए और वहां एक होटल में बंधक बनाकर उसके साथ फिर से गैंगरेप किया। किसी तरह मौका पाकर पीड़िता आरोपियों के चंगुल से निकलने में कामयाब रही और लुधियाना वापस लौटकर उसने परिवार को आपबीती सुनाई।
उधर, इस मामले में थाना साहनेवाल के प्रभारी इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां के बयानों के आधार पर शुभम और मनोज के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
View this post on Instagram

Minor raped in two cities of Punjab




