
लुधियाना: शहर में एक शादीशुदा युवक द्वारा नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि जब मामले का खुलासा हुआ तो आरोपी के ससुर ने भी अपने दामाद को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए पीड़िता को धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना टिब्बा की पुलिस ने आरोपी युवक और उसके ससुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के परिवार ने बताया कि उनकी बेटी गुमसुम रहने लगी थी, जिसके बाद उन्होंने उससे पूछताछ की तो उसने पूरी आपबीती सुनाई। पीड़िता के अनुसार, मोहल्ला बाबा नामदेव कॉलोनी निवासी अमन ने उससे दोस्ती की, लेकिन यह बात छिपाई कि वह पहले से शादीशुदा है। दोस्ती के दौरान आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और इस आड़ में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
जब पीड़िता ने अमन पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने साफ इनकार कर दिया और बताया कि वह शादीशुदा है। इसके बाद जब मामला बिगड़ने लगा तो आरोपी अमन के ससुर अली ने अपने दामाद को बचाने के लिए पीड़िता को वॉइस मैसेज भेजकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी जानकारी अपने परिवार को दी, जिन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी अमन और उसके ससुर अली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
View this post on Instagram

Minor raped in Punjab on pretext of marriage




