
लुधियाना: शहर के पॉश इलाके मॉडल ग्राम में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक कोठी के बाहर खड़ी लग्जरी मर्सिडीज कार में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही कार मालिक ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसे सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग अपने घरों से पानी की बाल्टियां और पाइप लेकर आग बुझाने में जुट गए। आग इतनी भीषण थी कि लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। एक राहगीर मनदीप सिंह ने बताया, “मैं चार खंभा चौक से गुजर रहा था, तभी एक घर से धुआं और चिल्लाने की आवाज सुनी। पहले लगा कि किसी ने कूड़ा जलाया होगा, लेकिन पास जाकर देखा तो कार धू-धू कर जल रही थी और लोग उसे बुझाने की कोशिश कर रहे थे।”

एक अन्य राहगीर हरविंदर सिंह ने बताया कि आग की लपटें बहुत ऊंची उठ रही थीं और मंजर काफी डरावना था, लेकिन लोगों ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार पानी फेंकते रहे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका।
जब तक आग बुझी, तब तक लाखों रुपये की मर्सिडीज कार पूरी तरह जलकर कबाड़ हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। कार मालिक ने कहा कि कार को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन संतोष है कि किसी की जान को खतरा नहीं हुआ। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना आग पास के घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। लोगों का अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। हालांकि, कार मालिक ने इस बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया और आग बुझने के बाद घर के अंदर चले गए।
View this post on Instagram


Mercedes turns into a ball of fire




