
लुधियाना: लुधियाना की सब्जी मंडी में मंगलवार दोपहर करीब सवा 2 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लास्टिक की क्रेटों के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद कुछ सिलेंडर धमाके भी हुए, जिससे मंडी में भगदड़ मच गई। इस आगजनी में कई सब्जी विक्रेताओं का भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, यह आग फ्रूट शैड नंबर-30 में लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें दूर-दूर तक आसमान में दिखाई देने लगीं। कई किलोमीटर तक धुएं के काले गुबार छा गए। आग की चपेट में आने से एक ट्रक भी जलकर खाक हो गया।

आग लगते ही मंडी के दुकानदारों और सामान खरीदने आए लोगों में हड़कंप मच गया और वे इधर-उधर भागने लगे। हालात बिगड़ते देख फौरन फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 2 से 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के काम में जुट गईं। फायर कर्मियों के आने से पहले स्थानीय दुकानदारों ने भी अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया।
चश्मदीद दुकानदार ने क्या कहा?
एक दुकानदार कुलदीप ने बताया, “अचानक आग की चिंगारी भड़क गई। मुझे किसी ने फोन किया कि जल्दी आ जाओ आग लग गई है। हमने किसी तरह अपना सामान बचाया।” उन्होंने पुष्टि की कि आग में एक वाहन जल गया है और फ्रूट विक्रेताओं के करीब 2 से 3 खोखे भी जल गए हैं। कुलदीप ने बताया कि आग लगने के कारण कुछ सिलेंडर भी ब्लास्ट हुए हैं। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
View this post on Instagram


massive fire broke out in the market




