अमृतसर: श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार को स्पाइसजेट की अमृतसर से दुबई जाने वाली फ्लाइट अत्यधिक लेट होने के कारण यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। सुबह 8:40 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट का समय अचानक बदलकर रात 11 बजे किए जाने की सूचना मिलने के बाद यात्रियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। टिकट काउंटर पर यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
सुबह की फ्लाइट का समय रात 11 बजे किया, स्टाफ पर बदसलूकी के आरोप
जालंधर से फ्लाइट पकड़ने पहुंचे यात्रियों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें अचानक जानकारी दी गई कि विमान 14 घंटे से अधिक की देरी से रात 11 बजे रवाना होगा। यात्रियों का आरोप है कि जब उन्होंने तेज धूप से बचने के लिए अंदर बैठने की जगह मांगी, तो एयरलाइन स्टाफ ने मदद करने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए उपहास उड़ाया। बहस के दौरान एक आक्रोशित यात्री ने स्टाफ को चेतावनी देते हुए कहा कि तुरंत अपने मैनेजर को बुलाएं, अन्यथा किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए एयरलाइन जिम्मेदार होगी।
धूप में बैठने को मजबूर हुए 80 यात्री, व्यवस्था पर उठाए सवाल
यात्रियों ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों समेत करीब 70 से 80 यात्री भीषण गर्मी और धूप में बाहर लावारिसों की तरह बैठने को मजबूर हैं। यात्रियों ने एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन के लचर प्रबंधन पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि एयरपोर्ट की स्थिति पंजाब के किसी सामान्य बस स्टैंड से भी बदतर हो चुकी है, जहां न तो बुनियादी सुविधाएं दी जा रही हैं और न ही यात्रियों की परेशानी का कोई समाधान निकाला जा रहा है।
पहले भी 18 घंटे अटकी थी फ्लाइट
हवाई यात्रियों का कहना है कि अमृतसर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स का घंटों लेट होना अब आम बात बन चुकी है। इससे पहले भी एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान तकनीकी और प्रबंधकीय कारणों से लगभग 18 घंटे की भारी देरी का शिकार हुई थी, जिसके चलते सैकड़ों मुसाफिरों को दिन-रात एयरपोर्ट पर भटकना पड़ा था। बार-बार दोहराई जा रही इस अव्यवस्था और एयरलाइन कंपनियों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर यात्रियों में भारी आक्रोश पनप रहा है।


Major uproar at Amritsar airport over a 14-hour flight delay; passengers, left waiting in the heat




