लुधियाना: महानगर में लुटेरों का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित वेरका मिल्क प्लांट के पास का है, जहां जगराओं के एक कारोबारी के ड्राइवर से दिनदहाड़े लूटपाट की गई। तीन बदमाशों ने ड्राइवर से नोटों से भरा बैग छीन लिया, जिसमें 30 हजार कनाडाई डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब 18 से 20 लाख रुपए) थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पहले से इंतजार कर रही एक सफेद रंग की इनोवा कार में बैठकर फरार हो गए।
बस से साथ ही उतरे थे लुटेरे
जगराओं निवासी शिकायतकर्ता नितिन गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने बीते 5 जनवरी को अपने ड्राइवर रवि कुमार को लुधियाना भेजा था। रवि के पास एक बैग था जिसमें 30 हजार कनाडाई डॉलर थे, जो उसे लुधियाना में नितिन के दोस्त दिवाकर को देने थे। ड्राइवर बस के जरिए लुधियाना पहुंचा। जैसे ही वह वेरका मिल्क प्लांट के सामने बस से नीचे उतरा, उसी बस में सवार तीन अन्य युवक भी उसके पीछे उतर गए। बदमाशों ने रवि को रोककर पूछा कि बैग में क्या है। जैसे ही ड्राइवर ने बताया कि इसमें डॉलर हैं, आरोपियों ने झपट्टा मारकर बैग छीन लिया और वहां पहले से खड़ी इनोवा कार में बैठकर भाग निकले।
आरोपियों की हुई पहचान, छापेमारी जारी
पुलिस ने मामले की जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 और 61(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। नामजद आरोपियों में हरजीत सिंह, जसपाल सिंह और सकत्तर सिंह (तीनों अमृतसर निवासी), स्टीफन (गुरदासपुर निवासी) और सरबजीत सिंह उर्फ गोसा (लुधियाना निवासी) शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा कार और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है।

Major incident near Verka Milk Plant: Driver robbed of $180,000 in cash immediately after getting off the bus




