You are currently viewing पंजाब में बड़ा फ्रॉड: विश्वास जीतकर हड़पे 1 करोड़ 5 लाख रुपए, इमिग्रेशन सेंटर चलाने वाले पति-पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज

पंजाब में बड़ा फ्रॉड: विश्वास जीतकर हड़पे 1 करोड़ 5 लाख रुपए, इमिग्रेशन सेंटर चलाने वाले पति-पत्नी के खिलाफ FIR दर्ज

लुधियाना: लुधियाना में इमिग्रेशन के काम में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यक्ति से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने स्टडी वीजा के नाम पर बिजनेस में पैसा लगवाकर ठगी करने के आरोप में एक इमिग्रेशन सेंटर के संचालक पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने पीड़ित को भरोसे में लेकर कुल 1 करोड़ 5 लाख रुपये ठग लिए और समय पूरा होने पर रकम लौटाने से इनकार कर दिया।

पुलिस को दी गई शिकायत में अब्दुल्लापुर बस्ती के इंदिरा नगर निवासी करण छाबड़ा ने बताया कि दुगरी रोड स्थित ‘डी-2 ग्लोबल एजुकेशन एंड इमिग्रेशन’ के संचालक अमरदीप सिंह और उनकी पत्नी लखविंदर कौर ने उनसे संपर्क साधा था। आरोपियों ने अलग-अलग छात्रों के स्टडी वीजा लगवाने और अपने बिजनेस का विस्तार करने की बात कहकर पीड़ित को अपने विश्वास में ले लिया। आरोपियों ने करण छाबड़ा को झांसा दिया कि यदि वह उनके कारोबार में पैसा लगाएंगे तो उन्हें अच्छा मुनाफा मिलेगा।

इस भरोसे के आधार पर आरोपियों ने विभिन्न एग्रीमेंट साइन करवाए और करण से किस्तों में कुल 1 करोड़ 5 लाख रुपये अपने बिजनेस में इन्वेस्ट करवा लिए। लेकिन जब एग्रीमेंट के मुताबिक पैसा वापस करने का समय आया, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे। पीड़ित ने जब अपनी मूल रकम और मुनाफे की मांग की, तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया।

अक्टूबर 2025 से चल रही पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अमरदीप और लखविंदर ने आपसी मिलीभगत और बेईमानी की नीयत से यह पूरी रकम हड़प ली है। जांच पूरी होने के बाद मॉडल टाउन पुलिस ने 3 जनवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) (विश्वासघात), 318(4) (धोखाधड़ी) और 61(2) (साजिश) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Major fraud in Punjab: Couple swindles Rs 1.05 crore by gaining trust; FIR registered against husband and wife running