You are currently viewing पंजाब में ED का बड़ा एक्शन, AAP सांसद के बाद अब कैबिनेट मंत्री के घर सुबह-सुबह रेड; बाहर फोर्स तैनात

पंजाब में ED का बड़ा एक्शन, AAP सांसद के बाद अब कैबिनेट मंत्री के घर सुबह-सुबह रेड; बाहर फोर्स तैनात

लुधियाना: पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) का एक्शन लगातार जारी है। आम आदमी पार्टी के नेताओं पर शिकंजा कसते हुए ईडी की टीम ने आज सुबह पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के लुधियाना स्थित आवास पर दस्तक दी है। घर के बाहर और अंदर केंद्रीय पुलिस बल के जवानों को तैनात कर दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंत्री के आवास के साथ-साथ उनके अन्य ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई है। यह पूरी कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक पुराने मामले और जमीन सौदों में हुई कथित भारी अनियमितताओं को लेकर की जा रही है।

2024 में भी हो चुकी है ताबड़तोड़ छापेमारी

कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के लिए ईडी की यह कार्रवाई नई नहीं है। इससे पहले 7 अक्टूबर 2024 को भी संजीव अरोड़ा के संस्थानों पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन धोखाधड़ी केस में बड़ी छापेमारी की थी। उस समय संजीव अरोड़ा राज्यसभा सांसद हुआ करते थे। तब उनके लुधियाना स्थित घर और ऑफिस के साथ-साथ गुरुग्राम, जालंधर और दिल्ली के परिसरों को खंगाला गया था। उन पर आरोप लगा था कि औद्योगिक उपयोग के लिए आवंटित की गई जमीन का इस्तेमाल कथित तौर पर रिहायशी प्रोजेक्ट विकसित करने में किया गया। मौजूदा समय में चल रही इस ताजा रेड में अधिकारी घर के अंदर मौजूद हैं और अहम दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

दो दिन पहले AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर पड़ा था छापा

संजीव अरोड़ा पर हुई इस बड़ी कार्रवाई से ठीक दो दिन पहले ही आम आदमी पार्टी के एक और कद्दावर चेहरे पर ईडी ने अपना शिकंजा कसा था। ईडी ने बुधवार की सुबह जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर और AAP के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के करीब 10 ठिकानों पर एक साथ रेड की थी। जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम में उनके घर, लवली स्वीट्स, लवली ऑटोज और एलपीयू कैंपस में चौबीस घंटे से ज्यादा समय तक जांच चली थी। वीरवार सुबह करीब सवा आठ बजे जांच टीमें अपना यह सर्च ऑपरेशन पूरा कर ठिकानों से बाहर निकली थीं।

एलपीयू कैंपस में मोबाइल जब्त कर खंगाला गया वित्तीय रिकॉर्ड

सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर हुई इस रेड के दौरान ईडी की टीम ने एलपीयू कैंपस के एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में भी गहरा सर्च ऑपरेशन चलाया था। रेड के दौरान अधिकारियों ने जैसे ही कैंपस में एंट्री की, वहां मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए गए। इसके बाद सीधे कंप्यूटर सिस्टम और वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की गई। बताया जा रहा है कि ईडी ने अशोक मित्तल और उनके बेटे से जुड़े वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की है और कर्मचारियों से जरूरी फाइलें भी तलब कीं। इन छापों के बाद कई अहम दस्तावेज ईडी ने अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि, इन दोनों ही मामलों में ईडी की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पंजाब में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सियासी हलचल तेज हो गई है।

Major ED Action in Punjab: Following the AAP MP, Cabinet Minister Sanjeev Arora’s Residence Raided