You are currently viewing अमेरिका में पंजाबियों पर गिरी बड़ी गाज, 1790 ट्रक ड्राइवरों के लाइसेंस एक झटके में रद्द; जानें क्या है नया कानून

अमेरिका में पंजाबियों पर गिरी बड़ी गाज, 1790 ट्रक ड्राइवरों के लाइसेंस एक झटके में रद्द; जानें क्या है नया कानून

इंडियाना (उत्तम हिन्दू न्यूज): अमेरिका के इंडियाना राज्य (सूबे) से पंजाबी प्रवासियों के लिए एक बेहद बुरी खबर सामने आई है। यहां की सरकार ने अवैध रूप से रह रहे और ट्रक चला रहे सभी विदेशी ड्राइवरों के कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस (CDL) रद्द कर दिए हैं। इंडियाना सरकार के इस नए और सख्त कानून के लागू होते ही रातों-रात 1790 ड्राइवरों की नौकरी चली गई है, जिनमें से ज्यादातर पंजाबी मूल के हैं। राज्य के गवर्नर माइक ब्रॉन ने मार्च 2026 में ‘हाउस एनरोल्ड एक्ट 1200’ पर हस्ताक्षर कर इसे कानूनी रूप दे दिया था। इसके बाद इंडियाना के मोटर वाहन ब्यूरो (BMV) ने 16 मार्च को ही सभी प्रभावित ड्राइवरों को नोटिस भेजकर लाइसेंस रद्द होने की चेतावनी दे दी थी। 1 अप्रैल को नियम लागू होते ही उन सभी ड्राइवरों के लाइसेंस अपने आप एक्सपायर हो गए, जिनके पास एच-2ए, एच-2बी या ई-2 वीजा नहीं था।

भीषण हादसों के बाद सरकार ने उठाया सख्त कदम

अवैध रूप से ट्रक चला रहे प्रवासी ड्राइवरों पर इतनी बड़ी और सख्त कार्रवाई करने वाला इंडियाना अमेरिका का पहला राज्य बन गया है। गवर्नर माइक ब्रॉन ने इस फैसले के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि यह कदम इसी साल फरवरी 2026 में पंजाबी ट्रक ड्राइवरों द्वारा किए गए दो बड़े सड़क हादसों के बाद उठाया गया है। विशेष रूप से फरवरी में सुखदीप सिंह नाम के ड्राइवर के ट्रक से हुए एक दर्दनाक एक्सीडेंट में 64 वर्षीय एक अमेरिकी नागरिक की मौत हो गई थी। सरकार का स्पष्ट मानना है कि इस नए कानून से अनट्रेंड और बिना योग्यता वाले ड्राइवरों को भारी वाहनों के स्टेयरिंग से दूर रखा जा सकेगा, जिससे राज्य की सड़कें पहले से ज्यादा सुरक्षित बनेंगी।

अंग्रेजी जानना अनिवार्य, मालिकों पर भी लगेगा भारी जुर्माना

इस नए कानून के तहत अब भारी वाहन चलाने वाले ड्राइवरों के लिए अंग्रेजी भाषा का ज्ञान होना पूरी तरह से अनिवार्य कर दिया गया है। प्रशासन ने न केवल ड्राइवरों पर नकेल कसी है, बल्कि ट्रक मालिकों को भी कड़ी चेतावनी दी है। नियम के मुताबिक अगर कोई भी ट्रांसपोर्टर या ट्रक मालिक रद्द लाइसेंस वाले इन ड्राइवरों को काम पर रखता है, तो उस पर 50,000 डॉलर का भारी-भरकम जुर्माना लगाया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई पर इंडियाना के अटॉर्नी जनरल टॉड रॉकटा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सरकार का मकसद किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाना बिल्कुल नहीं है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सिर्फ यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है कि भारी ट्रकों के स्टीयरिंग व्हील के पीछे बैठा व्यक्ति पूरी तरह से प्रशिक्षित और कानूनी रूप से गाड़ी चलाने के योग्य हो।

Major Blow to Punjabis in the US: Licenses of 1,790 Truck Drivers Revoked in a Single Stroke