लुधियाना: लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पैसे जमा करवाने पहुंचे एक व्यक्ति को दो शातिर ठगों ने मदद का झांसा देकर 20 हजार रुपये का चूना लगा दिया। गनीमत यह रही कि पीड़ित की सतर्कता और शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी फरार होने में कामयाब रहा। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसने ठगों की पूरी साजिश को बेनकाब कर दिया है।

हाथ में चोट का फायदा उठा शातिरों ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, पीड़ित राम बरन वर्मा कबाड़ (स्क्रैप) का काम करते हैं। उनके घर में पोते के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं और इसी खुशी में वह बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अपनी बहन को शगुन के पैसे भेजने के लिए ग्यासपुरा के एसबीआई बैंक पहुंचे थे। राम बरन के हाथों में चोट लगी हुई थी, जिसके कारण उन्हें एटीएम मशीन इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही थी। इसी मजबूरी का फायदा वहां पहले से घात लगाए बैठे दो युवकों ने उठाया और मदद करने के बहाने उनके करीब आ गए।
बातों में उलझाकर जेब में डाले पैसे, और होने लगे रफूचक्कर
पीड़ित राम बरन ने बताया कि वह अक्सर बैंक के सिक्योरिटी गार्ड की मदद से मशीन में पैसे जमा करवाते थे, लेकिन इस बार इन दो अज्ञात युवकों ने उन्हें अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसा लिया। आरोपियों ने बड़ी चालाकी से मशीन में एटीएम कार्ड डालकर पैसे अंदर-बाहर करने का नाटक किया। इसके बाद उन्होंने राम बरन से 20 हजार रुपये नकद ले लिए और कहा कि अभी मशीन से जमा होने की पर्ची निकलेगी, आप थोड़ा इंतजार करें। जब पीड़ित पर्ची का इंतजार कर रहा था, उसी दौरान शातिर युवक पैसे अपनी जेब में डालकर वहां से खिसकने लगे।

CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात, पुलिस कर रही दूसरे साथी की तलाश
यह पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है। फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कैसे दोनों आरोपी राम बरन को अपनी बातों में उलझाकर मशीन से पीछे धकेलते हैं और बड़ी सफाई से पैसे अपनी जेब में डालकर भागने की कोशिश करते हैं। ठगी का एहसास होते ही राम बरन ने तुरंत शोर मचा दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और एक आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। शेरपुर चौकी पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके फरार साथी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन शातिरों के खिलाफ पहले भी इस तरह की शिकायतें मिल चुकी हैं। पुलिस ने पीड़ित को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही उनकी मेहनत की कमाई उन्हें वापस दिलवाई जाएगी।

Major ATM Fraud in Punjab: Man Swindled Out of 20,000 Under the Pretext of Assistance








