You are currently viewing पंजाब में बड़ा हादसा टला: चलती कार बनी आग का गोला, 3 लोगों ने कूदकर बचाई जान; गाड़ी जलकर खाक

पंजाब में बड़ा हादसा टला: चलती कार बनी आग का गोला, 3 लोगों ने कूदकर बचाई जान; गाड़ी जलकर खाक

लुधियाना: लुधियाना के जगराओं में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार ड्राइवर समेत तीनों लोग समय रहते बाहर निकल आए। उनके गाड़ी से बाहर निकलने के कुछ ही क्षणों बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते गाड़ी जलकर खाक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर कार सवार निकलने में थोड़ी भी देरी करते तो जानलेवा हादसा हो सकता था।

यह घटना जगराओं के अगवाड़ लोप्पो डाला क्षेत्र की है। मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, कार (नंबर PB-25-F-5119) में आग लगने की मुख्य वजह बैटरी में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। यह कार जगराओं निवासी गुलशन कुमार की बताई जा रही है, जिसे घटना के समय उनके रिश्तेदार चला रहे थे। सफर के दौरान जैसे ही कार से धुआं उठना शुरू हुआ, ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने पानी की पाइपों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे सफल नहीं हो पाए। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

Major accident averted in Punjab: A moving car burst into flames, three people jumped out to save their lives