लुधियाना: महानगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ब्यूटी सैलून में सजने-संवरने गई एक विवाहिता रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। पति उसे पार्लर के बाहर छोड़कर गया था, लेकिन जब वह वापस लौटा तो पत्नी वहां नहीं मिली। थाना दरेसी की पुलिस ने पति की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज ने मामले की गुत्थी को और उलझा दिया है।
2 घंटे बाद लौटा तो पैरों तले खिसक गई जमीन
घटना 24 जनवरी की शाम की बताई जा रही है। छावनी मोहल्ले के रहने वाले रुपिंदर सिंह ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि वह अपनी पत्नी सुखसिमरन कौर (उम्र करीब 21 वर्ष) को न्यू शिवपुरी, गली नंबर 9 स्थित ‘ड्रीम सैलून’ में मेकअप करवाने के लिए छोड़ने आया था। उस समय घड़ी में शाम के करीब 4:15 बजे थे। पति का कहना है कि जब वह करीब दो घंटे बाद उसे वापस लेने सैलून पहुंचा, तो पत्नी वहां मौजूद नहीं थी। उसने आस-पास काफी तलाश की और रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
हरियाणा के युवक पर अपहरण का शक
थक-हारकर पीड़ित पति ने पुलिस की शरण ली। रुपिंदर ने अपनी शिकायत में रीतिक उरी नाम के एक शख्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि रीतिक, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और फिलहाल लुधियाना के सेक्टर 32 में ग्रीन लैंड स्कूल के पास रहता है, उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया है। पति ने आशंका जताई है कि आरोपी ने उसकी पत्नी को अपने निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए कहीं छुपाकर रखा हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस (BNS) की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी ने उलझाई गुत्थी, अकेली जाती दिखी महिला
मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि महिला की शादी को अभी महज 3 से 4 महीने ही हुए थे। घटना की सूचना महिला के मायके वालों को भी दे दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगी है, जिसने कहानी में नया मोड़ ला दिया है। फुटेज में महिला पार्लर से बाहर अकेली ही जाती हुई दिखाई दे रही है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पार्लर से निकलने के बाद वह कहां गई और क्या वह आगे जाकर किसी से मिली थी? इसके लिए इलाके के अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है।

Ludhiana: A newlywed bride who went to a beauty parlor for makeup mysteriously disappears; her husband is shocked




