You are currently viewing पंजाब में शिवनेता नेता ने जमीन विवाद के चलते दंपती को सरेआम पीटा, VIDEO आया सामने; महिला की हालत गंभीर

पंजाब में शिवनेता नेता ने जमीन विवाद के चलते दंपती को सरेआम पीटा, VIDEO आया सामने; महिला की हालत गंभीर

लुधियाना: हैबोवाल इलाके की दुर्गा कॉलोनी में जमीन के मालिकाना हक को लेकर चल रहे विवाद ने शनिवार देर शाम हिंसक रूप ले लिया। खुद को शिवसेना नेता बताने वाले एक व्यक्ति ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान पति-पत्नी को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। मारपीट में महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि उसके पति के सिर में चोट आई है। दोनों घायलों को देर रात सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित महेंद्र दास ने जानकारी देते हुए बताया कि वह चंडीगढ़ में काम करते हैं और उनका परिवार दुर्गा कॉलोनी में रहता है। शनिवार देर शाम कुछ युवक जबरन उनके घर में घुस आए और घर का सारा सामान उठाकर ट्रक में फेंकना शुरू कर दिया। महेंद्र दास के अनुसार, वह जिस मकान में 2006 से रह रहे हैं, उसके असली मालिक की मौत हो चुकी है। उनके परिवार ने मालिक की मां की देखभाल की थी, और मरने से पहले उन्होंने कहा था कि उनका बेटा इंग्लैंड से आने तक वे यहीं रह सकते हैं।

देखें VIDEO-

महिंद्र दास का आरोप है कि बचना नाम का एक व्यक्ति अक्सर कुछ लोगों के साथ आता है और कहता है कि यह मकान उसकी मौसी का है। उन्होंने बताया कि मकान का मामला कोर्ट में चल रहा है, लेकिन हमलावर जबरन ‘उगाही’ करने की कोशिश करते हैं। पैसे देने से मना करने पर ही शनिवार को वे अपने साथ खुद को शिवसेना का नेता बताने वाले व्यक्ति को लेकर आए और घर में तोड़फोड़ की। महेंद्र दास के मुताबिक, जब वह उनसे बात करने के लिए गली में आए, तो उन लोगों ने मिलकर उन्हें और उनकी पत्नी को बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद वे थाना हैबोवाल में शिकायत दर्ज करवाने गए, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।

घायल कृष्णा ने बताया कि गुंडों ने घर में घुसकर जमकर पिटाई की है। उन्होंने कहा कि वे 20 साल से इस मकान में रह रहे हैं और भले ही अदालत में केस चल रहा है, लेकिन ये गुंडे हमेशा मकान पर कब्जा करने की कोशिश में रहते हैं। पीड़ित दंपती ने पुलिस प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर इंसाफ दिलाने की मांग की है।

In Punjab Shiv Sena leader beats a couple in public due to land dispute