You are currently viewing पंजाब में बेकाबू ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत; चार बहनों ने एक साथ खोए अपने दोनों भाई

पंजाब में बेकाबू ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत; चार बहनों ने एक साथ खोए अपने दोनों भाई

लुधियाना: महानगर में बीती रात बस्ती जोधेवाल चौक के नजदीक काली सड़क हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही तीनों युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मानवता को शर्मसार करते हुए मौके से फरार हो गया। इस हादसे में दो सगे भाइयों की दुखद मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

पुलिस ने दिखाई इंसानियत, अपनी गाड़ी में ले गए अस्पताल

सड़क पर तड़पते युवकों को देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि युवकों की हालत बेहद नाजुक है और खून काफी बह चुका है। पुलिस ने बिना समय गंवाए इंसानियत की मिसाल पेश की। उन्होंने एक घायल को एंबुलेंस में डाला, जबकि बाकी दो युवकों की जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी उन्हें अपनी ही सरकारी गाड़ी में डालकर सिविल अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, पुलिस की यह तत्परता भी उन दो भाइयों की जान नहीं बचा सकी और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो भाइयों की मौत, दोस्त के सिर की हड्डी दिमाग में धंसी

अस्पताल में जांच के बाद मरने वाले युवकों की पहचान दामोदर कुमार (21) और शिवमोहन कुमार (28) के रूप में हुई है, जो कि सगे भाई थे। वहीं, उनके तीसरे साथी मनोज कुमार (27), निवासी आजाद नगर की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, मनोज के पैर की हड्डी पूरी तरह टूट चुकी है और सिर पर लगी चोट इतनी गहरी है कि सिर की हड्डी टूटकर दिमाग के अंदर चली गई है। रात 12 बजे तक उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। मृतकों के शवों को रात पौने 12 बजे सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

चार बहनों के इकलौते सहारे थे दोनों भाई

इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दामोदर और शिवमोहन की बहन चंद्रावती ने बताया कि वे कुल 6 भाई-बहन थे, जिनमें 4 बहनें और 2 भाई थे। अब दोनों भाइयों की मौत के बाद घर में सिर्फ बहनें ही रह गई हैं। परिवार करीब 8 साल पहले लुधियाना आया था। बड़ा भाई शिवमोहन कपड़ा वाशिंग का काम करता था और वह शादीशुदा था, जिसके दो बेटे हैं। वहीं, छोटा भाई दामोदर सिलाई का काम करता था और अभी कुंवारा था। परिवार को अभी तक यह भी नहीं पता चल पाया है कि रात के समय तीनों दोस्त कहां जा रहे थे।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

मामले की जानकारी देते हुए एएसआई जसपाल सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई थी। उन्होंने बताया कि दोनों भाई काली सड़क इलाके के ही रहने वाले थे। पुलिस ने अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले ट्रक और उसके ड्राइवर की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

In Punjab, an out-of-control truck collided with a motorcycle, resulting in the tragic death of two brothers