लुधियाना: लुधियाना में प्यार में मिले धोखे का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक बिजली मैकेनिक ने अपनी ही दुकान के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक ने यह आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए अपनी प्रेमिका को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। मृतक की प्रेमिका पेशे से एक नर्स बताई जा रही है, जिस पर उसने कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
4-5 साल से था रिश्ता, दूसरी जगह शादी की बात से था परेशान
पुलिस जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान सोहन के रूप में हुई है। सोहन के परिजनों ने बताया कि वह पिछले 4-5 साल से एक नर्स के साथ रिलेशनशिप में था और उसी से शादी करना चाहता था। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से लड़की उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रही थी। मामला तब ज्यादा बिगड़ गया जब लड़की ने सोहन को छोड़कर किसी दूसरे लड़के के साथ शादी करने की बात कहनी शुरू कर दी। इसी धोखे और बेवफाई से टूटकर सोहन ने मौत को गले लगा लिया।
सुसाइड नोट में छलका दर्द- ‘मेरी पांच साल की कमाई खा गई’
सोहन ने अपनी जान देने से पहले जो सुसाइड नोट लिखा है, उसमें उसका दर्द साफ झलकता है। सुसाइड नोट में उसने अपनी प्रेमिका पर भावनाओं और पैसों से खेलने का आरोप लगाया है। सोहन ने लिखा है कि उस लड़की ने उसकी पांच साल की खून-पसीने की पूरी कमाई खा ली और जब शादी की बारी आई, तो वह किसी और के साथ अपना घर बसाने की तैयारी करने लगी। इस धोखे ने सोहन को इस कदर आहत किया कि उसने अपनी जिंदगी ही खत्म कर ली।
बीएनएस की धारा 108 के तहत केस दर्ज, आरोपी नर्स की तलाश तेज
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव और सुसाइड नोट को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुसाइड नोट और मृतक के भाई के बयानों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी युवती फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

In Punjab, a mechanic heartbroken by his girlfriend’s betrayal hangs himself








