You are currently viewing पंजाब में ड्राइवर को नशीला पदार्थ खिलाकर नौकरानी 50 तोले सोना और हीरे लेकर फरार, पार्टी से लौटा परिवार तो उड़ गए होश; ऐसे खुली पोल

पंजाब में ड्राइवर को नशीला पदार्थ खिलाकर नौकरानी 50 तोले सोना और हीरे लेकर फरार, पार्टी से लौटा परिवार तो उड़ गए होश; ऐसे खुली पोल

लुधियाना: शहर में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है, जहाँ विश्वासघात करते हुए एक घरेलू सहायिका ने लाखों की चोरी को अंजाम दिया। घटना थाना डिवीजन नंबर 5 के इलाके की है, जहाँ एक परिवार की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाते हुए नौकरानी ने ड्राइवर को बेहोश कर दिया और घर में रखे सोने व हीरे के गहने लेकर फरार हो गई।

पुलिस को दी गई शिकायत में रवजीत सिंह ने बताया कि 17 जनवरी 2026 की रात वह अपने परिवार के साथ अपने परिचित अमनदीप सिंह की जन्मदिन पार्टी में गए हुए थे। पीछे घर की जिम्मेदारी नौकरानी पार्वती और ड्राइवर पर थी। रात करीब 2:00 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ है। अनहोनी की आशंका के बीच जब वे अंदर दाखिल हुए, तो ड्राइंग रूम में सोफे पर ड्राइवर को बेसुध हालत में पड़ा पाया।

परिजनों ने ड्राइवर को जगाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह होश में नहीं आया। इसके बाद जब परिवार वालों ने कमरों में जाकर अलमारियों और लॉकरों की जांच की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारियां खुली पड़ी थीं और उनमें रखे करीब 40 से 50 तोले सोने और हीरे के कीमती गहने गायब थे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो चोरी की पूरी कहानी सामने आ गई। फुटेज में दिखा कि परिवार के जाने के बाद नौकरानी पार्वती ने ड्राइवर के खाने में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। ड्राइवर के बेहोश होते ही वह इत्मीनान से गहने समेट कर वहां से भाग निकली।

पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि श्याम कुमार बहादुर नाम के व्यक्ति ने करीब 15 दिन पहले ही पार्वती को उनके घर काम पर रखवाया था। इतने कम समय में ही उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस ने रवजीत सिंह के बयानों और सीसीटीवी सबूतों के आधार पर नौकरानी पार्वती और उसके दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 306 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

In Punjab, a maid drugged the driver and fled with 50 tolas of gold and diamonds. When the family returned from a party