You are currently viewing पंजाब में सनकी आशिक की हैवानियत: पॉश इलाके में महिला को कार में 7 घंटे बनाए रखा बंधक, दुष्कर्म की कोशिश और लोहे के कड़े से तोड़ी नाक

पंजाब में सनकी आशिक की हैवानियत: पॉश इलाके में महिला को कार में 7 घंटे बनाए रखा बंधक, दुष्कर्म की कोशिश और लोहे के कड़े से तोड़ी नाक

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शहर के बेहद पॉश और भीड़भाड़ वाले दुर्गा माता मंदिर के पास एक सिरफिरे आशिक ने एक महिला को उसकी ही कार में करीब 7 घंटे तक बंधक बनाए रखा। आरोपी ने कार के अंदर महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया और विरोध करने पर जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लॉकडाउन की दोस्ती बनी नासूर, धोखे का पता चलने पर बनाई दूरी

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि रंजीत नगर निवासी आरोपी मोहित से उसकी मुलाकात कोरोना लॉकडाउन के दौरान हुई थी। उस वक्त मोहित ने हमदर्दी हासिल करने के लिए झूठ बोला कि वह अपनी पत्नी से परेशान है। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। लेकिन कुछ समय बाद महिला को सच्चाई का पता चला कि मोहित उसे और अपनी पत्नी दोनों को धोखा दे रहा है। इसके बाद महिला ने उससे किनारा करना चाहा, लेकिन आरोपी ने उसे धमकियां देना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

एग्जीबिशन के बहाने बुलाया, कार बनी कैदखाना

घटना 3 फरवरी की है, जब आरोपी ने महिला को दुर्गा माता मंदिर के पास चल रही एक एग्जीबिशन में मिलने के लिए मजबूर किया। महिला अपनी ग्रैंड विटारा कार से वहां पहुंची तो मोहित ने उसे कार में ही रोक लिया। इसके बाद कार के भीतर ही उसने दरिंदगी शुरू कर दी। आरोपी ने महिला के कपड़े उतारने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो गुस्से में आए मोहित ने उसके चेहरे पर थप्पड़ मारे और हाथ में पहने भारी लोहे के कड़े से उसकी नाक पर जोरदार वार किया, जिससे वह खून से लथपथ हो गई। शोर मचाने पर उसने महिला का गला भी दबाया।

7 घंटे सड़कों पर घुमाता रहा, बेटे को मारने की दी धमकी

वहशीपन की हदें पार करते हुए आरोपी महिला को उसी की गाड़ी में बैठाकर करीब 7 घंटे तक शहर की सड़कों पर घुमाता रहा। रात करीब 10 बजे वह उसे वापस मंदिर के पास लाया। छोड़ने से पहले उसने महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो वह उसके बेटे का भविष्य बर्बाद कर देगा और उसकी टांगें तुड़वा देगा। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को उसकी कुछ निजी तस्वीरें दिखाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। जाते-जाते सनकी आरोपी ने अपनी कार से महिला की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी और फरार हो गया।

खून से लथपथ पहुंची अस्पताल, पुलिस ने दर्ज किया केस

दहशत और दर्द से गुजर रही पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी और सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर अपना मेडिकल करवाया। इसके बाद थाना-8 की पुलिस को लिखित बयान दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने महिला के बयानों के आधार पर आरोपी मोहित के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 74, 115(2), 351(3) और 324(4) के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

In Punjab, a deranged lover’s brutality: A woman was held captive in a car for 7 hours in a posh area