लुधियाना: लुधियाना में सरेबाजार पुलिस की मुस्तैदी की पोल उस वक्त खुल गई, जब एक बदमाश पुलिस की कड़ी घेराबंदी को तोड़कर फिल्मी स्टाइल में फरार हो गया। घटना शहर के व्यस्त दंडी स्वामी रोड की है, जहाँ पुलिस ने एक स्विफ्ट कार को चारों तरफ से घेर लिया था, लेकिन कार सवार बदमाश पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम ने एक सूचना के आधार पर स्विफ्ट कार को रोका था। पुलिसकर्मी कार के चारों ओर खड़े होकर बदमाश को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। तभी कार सवार ने एकाएक एक्सीलरेटर दबा दिया। उसने जगह बनाने के लिए 2-3 बार गाड़ी को तेजी से आगे-पीछे (Back and Forth) किया और पुलिसकर्मियों के बीच से गाड़ी भगा ले गया।
भागने की हड़बड़ी में बदमाश ने सड़क पर खड़ी कई अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मार दी। उसे पकड़ने आए पुलिसकर्मी बस देखते ही रह गए और खाली हाथ वापस लौटे। यह पूरा हाई-वोल्टेज ड्रामा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
पुलिस किन बदमाशों का पीछा कर रही थी या कार में कुल कितने लोग सवार थे, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस फिलहाल मामले पर कुछ भी बोलने से बच रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

In Punjab, a criminal escaped in ‘filmy style’: police surrounded him, but he sped away in his car.




