फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का जिले के अंतर्गत पड़ते अबोहर में घरेलू कलह से तंग आकर 24 वर्षीय एक युवती द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतका ने जान देने से पहले हाथ से लिखा एक भावुक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी भाभी पर परिवार की खुशियां बर्बाद करने और भाई की सरकारी नौकरी छुड़वाने की धमकियां देने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। घटना के समय परिवार के सदस्य अस्पताल गए हुए थे। सूचना मिलते ही थाना नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल गए थे परिजन, लौटे तो कमरे में फंदे से लटकी मिली लाश
यह हृदयविदारक घटना अबोहर की नई आबादी स्थित गली नंबर-14 की है। मृतका की पहचान आरती (24) के रूप में हुई है। आरती के पिता डॉ. मदन लाल चौधरी, भाई सनप्रीत उर्फ सोनू और मां रानी चौधरी सोमवार को इलाज के लिए दवा लेने श्रीगंगानगर गए हुए थे। शाम करीब 6 बजे जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो भाई सोनू छत के रास्ते अंदर दाखिल हुआ। जैसे ही वह कमरे में पहुंचा, आरती का शव पंखे से झूलता देख उसके होश उड़ गए।
सुसाइड नोट में छलका दर्द: ‘भाभी ने घर तबाह किया, बीमार हुए पिता’
पुलिस को घटनास्थल से अंग्रेजी लिपि में पंजाबी भाषा में लिखा आरती का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में आरती ने सीधे तौर पर अपनी भाभी को जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा कि भाभी के अड़ियल रवैये और रोज-रोज के झगड़ों ने उनके हंसते-खेलते घर को तबाह कर दिया है। वह लगातार भाई सनप्रीत की सरकारी नौकरी छुड़वाने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां देती थी, जिसके मानसिक तनाव के चलते पिता डॉ. मदन लाल का स्वास्थ्य भी लगातार गिरता गया।
अजन्मे बच्चे को बहन को देने की जिद, 10 महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मृतका के भाई सनप्रीत सोनू पंजाब ग्रामीण बैंक में कार्यरत हैं और उनकी शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पारिवारिक क्लेश शुरू हो गया और गर्भवती भाभी पिछले 3 महीनों से मायके में रह रही थी। सूत्रों के मुताबिक, विवाद की मुख्य वजह यह थी कि सोनू की पत्नी अपने होने वाले पहले बच्चे को गांव बनवाला निवासी अपनी बड़ी बहन को गोद देना चाहती थी, क्योंकि उसकी बहन की कोई संतान नहीं है। सोनू और उसका परिवार इस फैसले के खिलाफ था, जिसके बाद भाभी ने विवाद बढ़ाते हुए गंभीर धमकियां देनी शुरू कर दी थीं।
गोद ली हुई बेटी थी आरती, भाई ने लगाई इंसाफ की गुहार
परिजनों ने बताया कि डॉ. मदन लाल चौधरी के छोटे बेटे मोनू की कुछ साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदार से आरती को गोद लिया था और अपनी सगी बेटी की तरह पाला-पोसा। जवान बहन की इस तरह अचानक मौत से भाई सोनू टूट गया है और उसने पुलिस प्रशासन से सुसाइड नोट व बयानों के आधार पर आरोपी भाभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है। थाना नंबर-2 के अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयानों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


In Punjab, a 24-year-old woman took her own life by hanging herself from a ceiling fan; in her suicide note, she leveled serious




