You are currently viewing बच्चों की जान से खिलवाड़! जालंधर में 81 बच्चों से ओवरलोड स्कूल बस का कटा चालान, नंबर प्लेट भी निकली मोटरसाइकिल की

बच्चों की जान से खिलवाड़! जालंधर में 81 बच्चों से ओवरलोड स्कूल बस का कटा चालान, नंबर प्लेट भी निकली मोटरसाइकिल की

जालंधर: जालंधर ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को नगर निगम दफ्तर के पास श्री राम चौक पर नाकेबंदी के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ा रही नेहरू गार्डन स्कूल बस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने जब बस को रोका तो उसमें एक-दो नहीं, बल्कि कई गंभीर खामियां पाई गईं। 51 सीटों वाली बस में 81 बच्चों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था और तो और, बस पर जो नंबर प्लेट लगी थी, वह एक मोटरसाइकिल की निकली।

मामले को लेकर उस समय भारी हंगामा हो गया, जब पुलिस ने बस को रोककर उसका चालान काटना शुरू किया। मौके पर मौजूद सब-इंस्पेक्टर सुखजिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें स्कूल बसों की रूटीन चेकिंग के लिए विशेष निर्देश मिले हैं। इसी के तहत जब इस बस को रोका गया, तो ड्राइवर ने न तो वर्दी पहनी थी और न ही सीट बेल्ट लगाई थी।

जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि बस में 51 बच्चों के बैठने की क्षमता थी, लेकिन 81 बच्चों को बिठाया गया था। इसके अलावा, जब बस के नंबर को ऑनलाइन चेक किया गया तो वह एक मोटरसाइकिल के नाम पर रजिस्टर्ड पाया गया। पुलिस ने ओवरलोडिंग, फर्जी नंबर प्लेट और सीट बेल्ट समेत अन्य उल्लंघनों के तहत बस का चालान काट दिया है।

जब बस के ड्राइवर से इस बारे में पूछा गया तो उसने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। उसने कहा, “मैं तो पिछले 6 महीने से ही यहां नौकरी कर रहा हूं। मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता, स्कूल से जो आदेश मिलते हैं, मैं वही करता हूं।” ड्राइवर के इस बयान ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

In Jalandhar a school bus overloaded with 81 children