सैन फ्रांसिस्को: अमेरिका में इमिग्रेशन और कच्चे ट्रक ड्राइवरों के लाइसेंस रद्द करने की ट्रंप प्रशासन की सख्ती के बीच एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। हाईवे 99 पर लोदी शहर के पास हार्नी लेन पर एक पंजाबी ट्रक ड्राइवर ने भयंकर तबाही मचाते हुए तीन गाड़ियों को बुरी तरह रौंद दिया। इस खौफनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद यह ड्राइवर मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने ‘हिट एंड रन’ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर अमेरिका में अवैध प्रवासियों के मुद्दे को गरमा दिया है।
रफ्तार का कहर और चेन रिएक्शन से बिछी लाशें
कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल के अनुसार, यह भयानक हादसा उस वक्त हुआ जब एक टोयोटा कैमरी, निसान फ्रंटियर और किआ फोर्ट गाड़ियां दाईं लेन में रुकने के लिए अपनी रफ्तार धीमी कर रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार फ्रेटलाइनर ट्रक का ड्राइवर, जिसकी पहचान 24 वर्षीय मनवीर सिंह के रूप में हुई है, समय रहते अपने ट्रक पर ब्रेक नहीं लगा सका। मनवीर का ट्रक सीधे किआ फोर्ट के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां एक के बाद एक गाड़ियों की चेन दुर्घटना हो गई, जिससे फोर्ट आगे खड़ी फ्रंटियर से और फ्रंटियर कैमरी से जा टकराई।
हादसे में गई मासूमों की जान, आरोपी ने की भागने की कोशिश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस खौफनाक दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों लोगों की उम्र महज 16 से 20 साल के बीच थी, जिससे मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। वहीं, पांच अन्य लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। हाईवे पेट्रोल पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मनवीर सिंह घायलों की मदद करने के बजाय वहां से भाग निकला था। हालांकि, बाद में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और अब वह जेल की सलाखों के पीछे है।
अवैध तरीके से अमेरिका में घुसा था मनवीर, खुली सिस्टम की पोल
इस दर्दनाक घटना ने अमेरिकी इमिग्रेशन सिस्टम पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के अनुसार, आरोपी मनवीर सिंह कथित तौर पर साल 2023 में एरिज़ोना बॉर्डर के जरिए गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था। उस वक्त उसे बिडेन प्रशासन द्वारा रिहा कर दिया गया था। स्थानीय अमेरिकी मीडिया ने इस बात का भी प्रमुखता से जिक्र किया है कि मनवीर की गिरफ्तारी कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि पिछले एक साल के भीतर खतरनाक हादसों का दोषी पाया जाने वाला वह ‘सिंह’ सरनेम वाला चौथा अवैध प्रवासी ट्रक ड्राइवर है।

In California, a Punjabi truck driver has once again caused a horrific accident








