
लुधियाना: जिले के जगराओं स्थित कच्चा मलक रोड की सेंटर सिटी कॉलोनी में रहने वाले एक प्रमुख इमिग्रेशन व्यवसायी को विदेशी नंबर से धमकी भरा फोन आने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने व्यवसायी से पैसों की मांग की और रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। व्यवसायी ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमिग्रेशन व्यवसायी बलवंत सिंह, जिनके जगराओं और रायकोट में इमिग्रेशन सेंटर हैं, को यह धमकी भरी कॉल आई। धमकी मिलते ही उन्होंने बिना देरी किए पुलिस को सूचित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर वरिंदर सिंह उप्पल देर रात मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली।
इस संबंध में डीएसपी सिटी जसजोत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि कॉल एक विदेशी नंबर से की गई थी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फोन करने वाले ने कितनी फिरौती की मांग की है।
पुलिस ने कॉल करने वाले का मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी जानकारी जुटा ली है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही पकड़कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
View this post on Instagram

Immigration businessman in Punjab received




