You are currently viewing सुबह-सुबह भीषण हादसा: चलती ट्रेन पर गिरी क्रेन, 22 लोगों की मौत; कई यात्रियों के मलबे में दबे होने की आशंका

सुबह-सुबह भीषण हादसा: चलती ट्रेन पर गिरी क्रेन, 22 लोगों की मौत; कई यात्रियों के मलबे में दबे होने की आशंका

बैंकॉक: थाईलैंड में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल लाइन पर काम कर रही भारी-भरकम क्रेन अचानक नीचे से गुजर रही एक पैसेंजर ट्रेन पर जा गिरी। क्रेन के गिरने से ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें आग लग गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक कम से कम 22 लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है। ट्रेन के मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने का डर बना हुआ है।

बैंकॉक से उबोन रत्चाथानी जा रही थी ट्रेन

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे घटी। नखोन रत्चासिमा के जनसंपर्क विभाग ने जानकारी दी है कि जिस क्रेन से यह हादसा हुआ, उसका इस्तेमाल एलिवेटेड हाई-स्पीड रेलवे लाइन के निर्माण कार्य में किया जा रहा था। यह पैसेंजर ट्रेन बुधवार सुबह बैंकॉक से उबोन रत्चाथानी के लिए रवाना हुई थी, लेकिन रास्ते में ही यह हादसे का शिकार हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में अब तक 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

पटरी से उतरते ही ट्रेन में लगी आग

हादसा इतना भयानक था कि क्रेन की टक्कर लगते ही ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें आग लग गई। हालांकि, मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल बचाव दल ट्रेन के अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। परिवहन मंत्री पिफात रत्चाकितप्रकान ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन में कुल 195 यात्री सवार थे। अधिकारी और प्रशासन की टीमें मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई हैं।

 

Horrific accident early this morning: A crane fell onto a moving train, killing 22 people