You are currently viewing वार्ड 73 में हाई वोल्टेज ड्रामा: विकास कार्यों को लेकर भाजपा पार्षद और AAP इंचार्ज भिड़े, जमकर हुई ‘तू-तू, मैं-मैं’; कमिश्नर के घर के बाहर चला धरना

वार्ड 73 में हाई वोल्टेज ड्रामा: विकास कार्यों को लेकर भाजपा पार्षद और AAP इंचार्ज भिड़े, जमकर हुई ‘तू-तू, मैं-मैं’; कमिश्नर के घर के बाहर चला धरना

लुधियाना: लुधियाना के हलका वेस्ट स्थित वार्ड नंबर 73 में विकास कार्यों का श्रेय लेने और काम में बाधा डालने को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पार्षद रुचि गुलाटी और आम आदमी पार्टी (AAP) के वार्ड इंचार्ज के बीच सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि नौबत ‘तू-तू, मैं-मैं’ तक आ पहुंची। आप इंचार्ज द्वारा कथित बदतमीजी और काम रुकवाने से नाराज होकर पार्षद रुचि गुलाटी और उनके पति विशाल गुलाटी ने पहले बीच सड़क पर बुलडोजर के आगे और बाद में निगम कमिश्नर के आवास के बाहर धरना दिया।

विवाद की शुरुआत गली में पैच वर्क के काम को लेकर हुई। भाजपा पार्षद पति विशाल गुलाटी के अनुसार, उन्होंने सड़क मरम्मत के लिए निगम से लोडर वाली गाड़ी मंगवाई थी। निगम कर्मचारी काम शुरू कर ही रहे थे कि करीब दो-तीन घंटे बाद आप के वार्ड इंचार्ज मौके पर आ धमके। आरोप है कि आप इंचार्ज ने आते ही काम में अड़ंगा लगाना शुरू कर दिया और दावा किया कि यह मशीन उन्होंने मंत्री के दफ्तर से मंगवाई है और यह दूसरे इलाके के लिए है। इस दावे को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई। बात तब और बिगड़ गई जब आप नेता ने कथित तौर पर महिला पार्षद के साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी देते हुए कहा कि “तुम्हारी बस थोड़ी देर ही रह गई है।”

काफी देर तक चले हंगामे के बाद आप इंचार्ज अपनी गाड़ी लेकर वहां से चले गए, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना रहा। इसके विरोध में पार्षद रुचि गुलाटी और उनके पति ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही भाजपा के जिला प्रधान और अन्य पार्षद भी उनके समर्थन में मौके पर पहुंच गए। गुलाटी दंपत्ति ने निगम कमिश्नर और मेयर को मामले की जानकारी दी, लेकिन शाम तक कोई सुनवाई न होने पर भाजपा पार्षदों ने गुरु नानक स्टेडियम के पास स्थित निगम कमिश्नर के घर के बाहर डेरा डाल दिया।

धरने पर बैठे भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष का वार्ड इंचार्ज आए दिन विकास कार्यों में बाधा डालता है। उनका कहना है कि इंचार्ज वार्ड के लोगों के बीच खुद को ही काउंसलर बताता है और मंत्री के नाम का धौंस दिखाकर निगम कर्मचारियों को डराता है, जिससे कर्मचारी निर्वाचित पार्षद की बजाय उसकी सुनने को मजबूर हैं। भाजपा नेताओं ने आप इंचार्ज पर महिला पार्षद से बदतमीजी करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की।

देर शाम तक चले इस राजनीतिक ड्रामे का पटाक्षेप तब हुआ जब मेयर खुद मौके पर पहुंचीं। उन्होंने धरना दे रहे पार्षदों की बात सुनी और आश्वासन दिया कि आप इंचार्ज के साथ बातचीत कर इस मसले का उचित हल निकाला जाएगा। मेयर के आश्वासन के बाद भाजपा पार्षदों ने अपना धरना समाप्त किया, हालांकि वार्ड में तनाव की स्थिति अब भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

High-voltage drama in Ward 73: BJP councilor and AAP in-charge clash over development works