लुधियाना: गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) से ठीक पहले पंजाब के लुधियाना में सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई है। लुधियाना की ज्यूडिशियल बिल्डिंग को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई है, जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ परिसर
धमकी भरा यह ईमेल इंग्लिश ऑफिस को प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) ने मौके पर पहुंचकर पूरे कोर्ट परिसर को घेर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन वकीलों और कोर्ट स्टाफ को अपने चैंबर्स से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है। फिलहाल किसी भी बाहरी व्यक्ति को कोर्ट के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है और पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सुबह 8:15 बजे मिली धमकी
लुधियाना डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के प्रधान विपिन सग्गड़ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आज सुबह करीब 8:15 बजे एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट बिल्डिंग को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। मेल देखते ही पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता मौके पर तैनात कर दिया गया है। टीम चप्पे-चप्पे की जांच कर रही है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
6 दिन में दूसरी बार मिली धमकी
गौरतलब है कि महज छह दिन पहले भी इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल प्रशासन को मिला था, जिससे कोर्ट परिसर में भारी अफरा-तफरी मच गई थी। आज दोबारा धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं। 26 जनवरी नजदीक होने के कारण पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

High alert in Ludhiana ahead of January 26, threat to bomb the court.








