You are currently viewing पंजाब में दिल दहलाने वाला हादसा: तड़के 3 बजे झोपड़ी पर पलटा पत्थरों से भरा ट्रक, सो रहे दो मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत

पंजाब में दिल दहलाने वाला हादसा: तड़के 3 बजे झोपड़ी पर पलटा पत्थरों से भरा ट्रक, सो रहे दो मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत

लुधियाना: लुधियाना के कस्बा जगराओं स्थित सिधवा बेट रोड पर बुधवार तड़के करीब 3 बजे एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ। यहां पत्थरों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी पर पलट गया। इस हादसे में झोपड़ी में सो रहे दो मासूम भाई-बहन की पत्थरों के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को घायल अवस्था में बचा लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सिधवा बेट रोड पर सेम नाले के पास खिलौने बेचने वाले कुछ मजदूर परिवार झोपड़ी डालकर रह रहे थे। बुधवार तड़के 3 बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी सिधवा बेट की तरफ से आ रहा पत्थरों से भरा ट्रक (टिपर) सीधा उनकी झोपड़ी पर पलट गया। टनों वजनी पत्थरों के नीचे दबने से एक 7 वर्षीय बच्ची और उसके 5 वर्षीय भाई की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद को दौड़े। पत्थरों का ढेर इतना ज्यादा था कि बच्चों को निकालने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद लोगों ने पत्थरों को हटाकर दो अन्य बच्चों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे के वक्त ट्रक ड्राइवर भी केबिन में फंस गया था। हालांकि, वह ट्रक का अगला शीशा (विंडशील्ड) तोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Heartbreaking accident in Punjab: A truck loaded with stones overturned onto a hut at 3 AM