लुधियाना: कुंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश रचने के लिए कुख्यात गैंगस्टर डोनी बल एक बार फिर पुलिस की रडार पर है। लुधियाना पुलिस ने शहर के एक कारोबारी को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के आरोप में उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। गैंगस्टर ने वॉट्सऐप कॉल के जरिए अपनी दहशत फैलाते हुए कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि की मांग की है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
17 जनवरी को आई थी विदेशी नंबर से कॉल
पुलिस एफआईआर के मुताबिक, गुरु नानक कॉलोनी (जीएनई कॉलेज के पास) के निवासी और कारोबारी जगजीत सिंह को 17 जनवरी को धमकी भरी कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने विदेशी नंबरों (737454+737511) का इस्तेमाल किया और खुद की पहचान गैंगस्टर डोनी बल के रूप में बताई। फोन पर आरोपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर 2 करोड़ रुपए नहीं दिए गए तो अंजाम बुरा होगा। पीड़ित जगजीत सिंह ने बिना देरी किए पुलिस के उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। थाना सदर पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए रंगदारी का केस दर्ज कर लिया है।
बंबीहा गैंग से है संबंध, अमृतसर में भी मांग चुका है रंगदारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि डोनी बल बंबीहा-राणा कंडोवालिया गैंग से जुड़ा हुआ है और उसका नेटवर्क पंजाब से लेकर विदेशों तक फैला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इससे पहले फरवरी 2025 में अमृतसर पुलिस ने भी उसे नामजद किया था, जब उसने एक डेयरी संचालक से रंगदारी मांगी थी और पैसे न देने पर उसके कारोबार को उड़ाने की धमकी दी थी। उस समय भी उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि उसकी गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।

Gangster Donny, the mastermind behind the Rana Balachauria murder case, is once again on the Punjab Police’s radar.




