You are currently viewing पंजाब में गैंगवार से दहला शादी समारोह: 30 राउंड फायरिंग में दूल्हे की मौसी और दोस्त की मौत, विधायक भी थे मौजूद

पंजाब में गैंगवार से दहला शादी समारोह: 30 राउंड फायरिंग में दूल्हे की मौसी और दोस्त की मौत, विधायक भी थे मौजूद

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में खुशियों वाला घर पल भर में मातम में बदल गया। पखोवाल रोड स्थित बाथ कैसल पैलेस में चल रहे एक शादी समारोह के दौरान दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी गैंगवार छिड़ गई। अंकुर और शुभम मोटा गैंग के बीच हुई इस भिड़ंत में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें दूल्हे की मौसी और उसके बचपन के दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना देर रात की है, जब झूला ठेकेदार के परिवार में शादी का जश्न चल रहा था। सूत्रों के अनुसार, पैलेस में करीब 700-800 मेहमान मौजूद थे। इसी बीच दो गैंगस्टरों के गुटों में कहासुनी हुई जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर गोलीबारी में बदल गई। बताया जा रहा है कि वहां 30 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे पैलेस में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

दूल्हे वरिंदर कपूर ने बताया, हमने करीब 1000 लोगों का इंतजाम किया था। दुल्हन की एंट्री होने ही वाली थी कि अचानक गोलियां चलने लगीं। मैंने किसी तरह छुपकर अपनी जान बचाई। मुझे नहीं पता कि गोली चलाने वाले कौन थे और विवाद क्या था। इस गोलीबारी में वरिंदर की मौसी नीतू और उनके दोस्त वासु की मौत हो गई है। वरिंदर ने बताया कि आज रिसेप्शन पार्टी थी, लेकिन अब समझ नहीं आ रहा कि क्या करें।

हैरानी की बात यह है कि जब यह खूनी खेल खेला गया, उस वक्त हल्का नॉर्थ के विधायक मदन लाल बग्गा भी समारोह में मौजूद थे। पैलेस के हलवाई जसविंदर सिंह ने बताया, “समय करीब पौने एक बजे का था। हम किचन में थे तभी ‘भागो-भागो’ की आवाजें आने लगीं। यह तांडव करीब आधे घंटे तक चला।”

गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो चुके थे। एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है, जिसे डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Gang war rocks Punjab wedding ceremony: Groom’s aunt and friend killed in 30 rounds of firing