
लुधियाना: पंजाब के जगराओं इलाके के कोठे शेरजंग में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं और फिर उसकी नई स्कॉर्पियो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जसकीरत सिंह नाम का युवक देर रात अपनी नई स्कॉर्पियो गाड़ी में कहीं जा रहा था। इसी दौरान कोठे शेरजंग के पास अज्ञात हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर गोलियों की बौछार कर दी। इसके बाद बदमाशों ने उसकी गाड़ी को भी आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और लहूलुहान जसकीरत को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे लुधियाना के अस्पताल में रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि जसकीरत सिंह एक बेहद सामान्य परिवार से ताल्लुक रखता है और उसने अपनी मेहनत के बल पर मुकाम हासिल किया था। वह शेयर बाजार का काम करता था और उसकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश भी नहीं थी। ऐसे में यह हमला क्यों किया गया, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।
जसकीरत के रिश्तेदार जग्गी ने बताया, जसकीरत बहुत मेहनती लड़का है, उसने कभी किसी का बुरा नहीं किया। कुछ समय पहले उसे धमकियां जरूर मिल रही थीं, लेकिन जसकीरत का कहना था कि जब मैंने किसी के साथ कुछ गलत नहीं किया तो मेरा कोई क्या बिगाड़ेगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
View this post on Instagram


Fearless criminals in Punjab








