You are currently viewing गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा पंजाब! 10 लाख की फिरौती वसूलने आए बदमाश का एनकाउंटर, साथी फरार होने में कामयाब

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा पंजाब! 10 लाख की फिरौती वसूलने आए बदमाश का एनकाउंटर, साथी फरार होने में कामयाब

लुधियाना: लुधियाना के समराला चौक के पास बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ से इलाका गूंज उठा। शहर के एक ज्वेलर से 10 लाख रुपये की रंगदारी (फिरौती) वसूलने पहुंचे दो बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गोली लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना के बाद से पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

घटना की जानकारी देते हुए थाना डिवीजन नंबर-7 के प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि यह पूरा मामला एक व्यापारी को मिली धमकी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता सचिन वर्मा को 12 दिसंबर 2025 को एक विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। फोन करने वाले बदमाश ने धमकी दी थी कि अगर उसने 10 लाख रुपये नहीं दिए, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। दहशत में आए सचिन ने पैसे देने की हामी भर दी और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए समराला चौक पर जाल बिछाया। योजना के तहत सचिन को एक संतरी रंग का बैग देकर मौके पर भेजा गया।

कुछ ही देर में बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। जैसे ही पुलिस टीम ने उन्हें सरेंडर करने की चेतावनी दी, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में सीनियर सिपाही जगजीत सिंह ने अपनी सरकारी कार्बाइन से जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी की बाईं टांग में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत दबोच लिया, जिसकी पहचान गुरदासपुर के बटाला निवासी रोहिन मसीह के रूप में हुई है।

घायल रोहिन मसीह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में उसने अपने फरार साथी का नाम जाइन मसीह बताया है, जो पुलिस को चकमा देकर बाइक छोड़कर भागने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और बाइक बरामद कर ली है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Encounter between Punjab Police and criminals: A criminal who came to collect a ransom of 10 lakh rupees was shot