
लुधियाना: लुधियाना में बेखौफ लुटेरों ने सुबह-सवेरे गुरुद्वारा साहिब जा रहे एक बुजुर्ग श्रद्धालु को अपना निशाना बना लिया। नाम सिमरन करते हुए जा रहे मनजीत सिंह खालसा को मोटरसाइकिल सवार तीन लुटेरों ने रास्ते में घेर लिया और धमकाकर उनसे नकदी व अन्य सामान लूट लिया। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना की जो सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, उसमें साफ दिख रहा है कि मनजीत सिंह खालसा अपनी एक्टिवा से जा रहे हैं। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन नौजवान आते हैं और उन्हें आवाज देकर रोकते हैं। जैसे ही मनजीत सिंह बात करने के लिए एक्टिवा खड़ी करते हैं, एक लुटेरा बाइक से उतरकर उनके पास पहुंचता है।

देखते ही देखते बाकी दोनों लुटेरे भी बाइक किनारे खड़ी कर उन्हें घेर लेते हैं। फुटेज में दिखता है कि लुटेरे उन्हें धमकाते हुए पैसे देने को कहते हैं। एक लुटेरा खुद उनकी जेब चेक करने लगता है, जबकि दूसरा उनकी एक्टिवा की डिक्की खोलकर तलाशी लेता है। जब तीनों लुटेरों ने पीड़ित को घेर लिया, तो उन्होंने खुद ही अपनी जेब से नकदी निकालकर उन्हें सौंप दी।

मनजीत सिंह खालसा ने बताया कि जब तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया तो वह सहम गए थे। लुटेरे लूटपाट करने के बाद जाते-जाते उन्हें धमकी दे गए कि अगर उन्होंने किसी को कुछ बताया तो अंजाम बुरा होगा, और फिर वहां से रफूचक्कर हो गए।
पीड़ित मनजीत सिंह खालसा भाई दया सिंह सोसाइटी के सदस्य हैं और नियमित तौर पर सुबह गुरुद्वारा साहिब जाते हैं। यह घटना शिंगार रोड पर शगुन पैलेस के पास सुबह सवा पांच बजे के करीब हुई।
इस वारदात ने लुधियाना की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबह के वक्त जब लोग धार्मिक कार्यों के लिए घर से निकलते हैं, उस समय ऐसी घटना प्रशासन की मुस्तैदी पर प्रश्नचिह्न लगाती है। भाई दइया सिंह सोसाइटी और अन्य श्रद्धालुओं ने इस वारदात पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
घटना की शिकायत थाना डिवीजन नंबर तीन की शिंगार सिनेमा पुलिस चौकी में दर्ज करा दी गई है। पीड़ित और सोसाइटी ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर से अपील की है कि इन लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि जनता में कानून का डर कायम हो सके।
View this post on Instagram


Elderly devotee going to Gurudwara




