लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में विधानसभा चुनाव लड़ चुके एक प्रत्याशी के साथ लाखों रुपये की डील में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नेता जी ने चुनाव जीतने के लिए प्रचार सामग्री और पोस्टर बनवाने का ऑर्डर दिया था, लेकिन सप्लायर पैसे लेकर ऐसा रफूचक्कर हुआ कि न तो पोस्टर दिए और न ही पैसे वापस किए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की लंबी जांच की और अब आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चुनाव सामग्री के नाम पर ऐंठे एडवांस पैसे
शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के पूर्व प्रत्याशी नवनीत कुमार ने इस धोखाधड़ी को लेकर दुगरी थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। नवनीत कुमार साल 2025 में हुए उपचुनाव में लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के उम्मीदवार थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान आरोपी ने पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री तैयार करने का जिम्मा लिया था, लेकिन उसने पैसे ऐंठने के बाद न तो कोई सामान दिया और न ही खर्चे का पक्का बिल मुहैया कराया।
दफ्तर में बैठकर हुई थी 3 लाख रुपये की डील
नवनीत कुमार के मुताबिक, चुनाव के दौरान उन्होंने शहीद भगत सिंह नगर की ई-ब्लॉक मार्केट में अपना दफ्तर बनाया हुआ था। 2 जून 2025 को आरोपी इंद्रजीत सिंह उनके इसी दफ्तर में आया था। वहां उसने पूरी चुनाव सामग्री और पोस्टर तैयार करने का कुल खर्चा 3 लाख रुपये बताया। इस सौदे के तहत नवनीत ने आरोपी को 80 हजार रुपये एडवांस के तौर पर उसी वक्त दे दिए थे।
पक्के बिल के नाम पर टालमटोल, अब पुलिस का शिकंजा
चुनाव आयोग की सख्त हिदायतों के चलते जब नवनीत ने चुनावी खर्च का ब्यौरा देने के लिए आरोपी से पक्के बिल की मांग की, तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। न तो उसने चुनाव सामग्री डिलीवर की और न ही एडवांस दिए गए पैसे लौटाए। बिना पक्के बिल के चुनावी खर्च का हिसाब देना प्रत्याशी के लिए भारी मुसीबत बन गया, जिससे साफ हो गया कि यह एक सोची-समझी धोखाधड़ी थी। इस शिकायत पर लंबी जांच के बाद दुगरी पुलिस ने आरोपी इंद्रजीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस शातिर ठग ने अन्य नेताओं को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया है।

Dreaming of an Election Victory—Only to Suffer a Major Loss! Former MLA Candidate Duped




