लुधियाना: लुधियाना की एनेस्थिसिया विशेषज्ञ डॉ. पूजा मल्होत्रा ने देश के चर्चित टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की हॉट सीट पर पहुंचकर शहर का नाम रोशन किया है। शो के 17वें सीजन में उन्होंने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर शानदार खेल दिखाया और 9 सवालों के सही जवाब देकर 3 लाख रुपए की राशि अपने नाम की। डॉ. पूजा के मुताबिक, वह पिछले 8 साल से इस मंच तक पहुंचने की कोशिश कर रही थीं और आखिरकार उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई।
डॉ. पूजा ने बताया कि उनके लिए पैसों से ज्यादा महत्व सदी के महानायक के सामने बैठने और उनसे बात करने का था। उन्होंने केबीसी में जाने की तैयारी साल 2017-18 से शुरू की थी। एक डॉक्टर होने के नाते अस्पताल की ड्यूटी, परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों के बीच समय निकालना मुश्किल था, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी तैयारियों के लिए किताबें पढ़ने, करंट अफेयर्स और अखबार के साथ-साथ इंटरनेट का सहारा लिया। कई बार निराशा भी हाथ लगी, लेकिन वह हर साल ‘प्ले अलॉन्ग’ खेलती रहीं, जिससे उनका ज्ञान और आत्मविश्वास दोनों बढ़ता गया।
शो में चयन की प्रक्रिया का किस्सा साझा करते हुए डॉ. पूजा ने बताया कि 16 नवंबर को उन्हें टीम केबीसी की तरफ से जीके टेस्ट और इंटरव्यू के लिए कॉल आया था। इसके बाद 1 दिसंबर को जब उन्हें आधिकारिक तौर पर बताया गया कि वह ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ के लिए शॉर्टलिस्ट हो गई हैं, तो उन्हें पहले यकीन ही नहीं हुआ। उन्हें लगा कि यह कोई साइबर ठगी या फेक कॉल हो सकती है, इसलिए उन्होंने तीन बार कॉल करके कन्फर्म किया। सच्चाई पता चलने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
केबीसी के सेट पर अपने अनुभव को बयां करते हुए उन्होंने कहा कि वह जगह उनके लिए किसी मंदिर जैसी पवित्र थी, जहां उनकी सालों की तपस्या सफल हुई। अमिताभ बच्चन के सामने होना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान था। खेल के दौरान उन्होंने हर सवाल को शांति और लॉजिक के साथ हल किया। उन्होंने कहा कि पैसे जीतने की खुशी अपनी जगह है, लेकिन केबीसी जैसी बड़ी विरासत का हिस्सा बनना और हॉट सीट तक पहुंचना ही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।

Dr. Pooja from Ludhiana fulfilled her dream on KBC, winning Rs. 3 lakh on the hot seat in front of Amitabh Bachchan.




