लुधियाना: महानगर में कांग्रेस ब्लॉक प्रधान परमिंदर तिवारी की दिनदहाड़े हुई खौफनाक हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एडीसीपी जशनदीप सिंह गिल ने बताया कि इस खूनी वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि खोखरा के रहने वाले विजय कुमार नाम के व्यक्ति ने अंजाम दिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड के पीछे कोई राजनीतिक रंजिश नहीं, बल्कि एक पुराना प्रॉपर्टी विवाद है जिसने तिवारी की जान ले ली।
पंचायत की जमीन पर चला था पीला पंजा
पुलिस के मुताबिक, मृतक परमिंदर तिवारी और गांव के सरपंच ने मिलकर कुछ समय पहले विजय कुमार की एक प्रॉपर्टी को डिमोलिश (ध्वस्त) करवा दिया था। दरअसल, वह प्रॉपर्टी पंचायत की जमीन पर बनी हुई थी। अपनी जगह गिराए जाने के बाद से ही विजय कुमार अंदर ही अंदर सुलग रहा था। इसी खुन्नस और रंजिश के चलते उसने कांग्रेस नेता को मौत के घाट उतारने की यह साजिश रची।
कुर्सी पर बैठे थे तिवारी, पीछे से कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
यह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात रविवार शाम करीब साढ़े 6 बजे की है। परमिंदर तिवारी माछीवाड़ा कस्बे के गांव तखरां में बस स्टैंड के पास स्थित अपने क्वार्टरों के बाहर आराम से कुर्सी पर बैठे हुए थे। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि मौत उनके पीछे खड़ी है। इसी दौरान दो बदमाश दबे पांव पीछे से आए और कुल्हाड़ी से उनके सिर पर तीन जोरदार वार कर दिए। हमला इतना भयानक था कि उनका सिर बुरी तरह फट गया और वे जमीन पर गिर पड़े।
लहूलुहान हालत में पहुंचा बेटा, अस्पताल में टूटा दम
हमले के बाद मौके का मंजर बेहद दर्दनाक था। कुल्हाड़ी के वार से तिवारी के दिमाग की नसें तक बाहर आ गई थीं और चारों तरफ खून और मांस बिखर गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कुल्हाड़ी वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। कुछ ही देर बाद जब उनका बेटा वहां पहुंचा, तो पिता को लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा देख उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्हें माछीवाड़ा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल थाना कूमकलां की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Congress Leader Was Seated on a Chair… Assailants Approached from Behind and Split His Head with an Axe








