You are currently viewing पहले पास आकर सोए, फिर बच्चा उठाकर हुए फरार; लुधियाना स्टेशन पर अपहरण की पूरी साजिश CCTV में कैद

पहले पास आकर सोए, फिर बच्चा उठाकर हुए फरार; लुधियाना स्टेशन पर अपहरण की पूरी साजिश CCTV में कैद

लुधियाना: लुधियाना रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक दंपती ने सो रही मां की बगल से उसके डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे को अगवा कर लिया। अपहरण की यह पूरी वारदात स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें काले रंग का सूट पहने एक महिला बच्चे को गोद में उठाकर अपने साथी के साथ फरार होती दिख रही है। घटना के बाद से जीआरपी (रेलवे पुलिस) और जिला पुलिस की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हैं।

पुलिस को दी जानकारी में उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की रहने वाली पीड़िता लालती देवी ने बताया कि वह 16 सितंबर की रात ट्रेन से अपने दो बेटों राज सिंह और संस्कार सिंह के साथ लुधियाना स्टेशन पहुंची थीं। रात ज्यादा होने के कारण वह बुकिंग खिड़की के पास खुले आसमान के नीचे बिस्तर लगाकर सो गईं। उन्होंने बताया कि उनके पास ही एक अन्य पुरुष और महिला भी सो रहे थे, जिन पर उन्हें शक है। देर रात करीब सवा दो बजे जब उनकी आंख खुली तो डेढ़ साल का बेटा संस्कार बिस्तर से गायब था।

मामले की जांच कर रही जीआरपी ने जब स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पूरा मामला सामने आ गया। फुटेज में दिखा कि आरोपी महिला अपने साथी के साथ 16 सितंबर की रात करीब 11 बजे ही स्टेशन परिसर में दाखिल हो गई थी और लगातार मौके की तलाश में थी। रात सवा दो बजे मौका देखकर महिला ने लालती देवी के बिस्तर से बच्चे को उठाया और अपने साथी के साथ फरार हो गई।

थाना जीआरपी के एसएचओ पलविंदर सिंह के अनुसार, जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे को लेकर स्टेशन के बाहर एक शराब के ठेके की तरफ गए और वहां से किसी ऑटो में बैठकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि देर रात 3 बजे तक पुलिस टीमों ने तलाशी अभियान चलाया। अब जिला पुलिस की भी मदद ली जा रही है और जल्द ही मामले को सुलझाकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Child abducted from mother’s bed