लुधियाना: महानगर के मोती नगर इलाके में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पतंग खरीदने जा रहे एक किशोर को कुछ बदमाशों ने गलती से ‘चिट्टा’ (नशा) तस्कर समझकर सरेराह किडनैप कर लिया। दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपियों ने किशोर को एक कमरे में ले जाकर नंगा किया और गैस सिलेंडर की पाइप व चमड़े की बेल्ट से बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, बदमाशों ने पीड़ित के परिजनों को वीडियो कॉल कर फिरौती भी मांगी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनका खुलासा जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जा सकता है।
गलतफहमी में उठाया, नीलू समझकर की मारपीट
पीड़ित किशोर अभिषेक के पिता कृष्णा कुमार ने बताया कि यह पूरी घटना 1 जनवरी की है। उनका बेटा अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक (PB-10KE-9814) पर पतंग खरीदने निकला था। तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 9 युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपी असल में इलाके में नशा बेचने वाले ‘नीलू’ नामक युवक की तलाश में थे, लेकिन गलतफहमी में उन्होंने अभिषेक को किडनैप कर लिया।
आत्म पार्क के पास कमरे में दी तालिबानी सजा
आरोपी उसे जबरन बाइक पर बैठाकर आत्म पार्क, धूरी लाइन्स के पास एक कमरे में ले गए। वहां बिंदु, शिवम, सन्नी, नवीन और उनके 4-5 अज्ञात साथियों ने मिलकर किशोर को बंधक बना लिया। बदमाशों ने उसे नंगा किया और उसके बाद गैस सिलेंडर की पाइप और बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की। किशोर की पीठ पर मारपीट के गहरे निशान उनकी बर्बरता की गवाही दे रहे हैं।
देसी कट्टा दिखाया, वीडियो कॉल पर मांगी रंगदारी
दहशत फैलाने के लिए आरोपियों ने पीड़ित के पिता को वीडियो कॉल की। उन्होंने पिता को बेटे की पिटाई लाइव दिखाई और 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। इस दौरान उन्होंने किशोर की कनपटी पर देसी पिस्तौल (कट्टा) तानकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में अधमरी हालत में उसे आर.के. रोड फाटक के पास फेंककर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, कई धाराएं लगीं
परिजनों की शिकायत पर थाना मोती नगर पुलिस ने आरोपी बिंदु, शिवम, सन्नी, नवीन और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2), 351(2), 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत FIR दर्ज की है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने कुछ आरोपियों को पकड़ लिया है, लेकिन अभी आधिकारिक पुष्टि बाकी है।

Brutality in Punjab: A teenager who went out to buy a kite was kidnapped after being mistaken for a drug dealer




