You are currently viewing पंजाब में खूनी खेल: दामाद ने सास को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, CCTV में कैद हुई वारदात

पंजाब में खूनी खेल: दामाद ने सास को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, CCTV में कैद हुई वारदात

लुधियाना: महानगर के जीटीबी नगर मुंडियां इलाके में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहाँ एक कलयुगी दामाद ने अपनी ही सास की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान पूनम पांडे के रूप में हुई है। पुलिस ने बेटी के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। पूनम पांडे अपने घर में बेटी साक्षी के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान आरोपी युवक घर में दाखिल हुआ। कुछ देर बाद उसने अचानक मां-बेटी पर फायरिंग कर दी। इस हमले में बेटी साक्षी ने तो किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली, लेकिन एक गोली पूनम पांडे के सिर पर जा लगी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और खून से लथपथ महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

वारदात के बाद मृतका की बेटी साक्षी गहरे सदमे में है। देर शाम उसने पुलिस को दिए बयान में खुलासा किया कि गोली चलाने वाला शख्स उसका पति विक्रम है। साक्षी के अनुसार, विक्रम ने ही उसकी मां की हत्या की है। उसने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस हत्याकांड का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो पुलिस जांच में अहम सबूत साबित हो सकता है। फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी युवक घर के अंदर जाता है और करीब 3 मिनट तक अंदर रहता है। इसके बाद वह बाहर आता है और अपनी पिस्टल लोड करता है। पिस्टल लोड करने के बाद वह दोबारा मकान के दरवाजे पर जाता है और दो बार फायरिंग करता हुआ दिखाई देता है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी विक्रम की तलाश तेज कर दी गई है।

Bloody incident in Punjab: Son-in-law shoots and kills mother-in-law; the incident was captured on CCTV