You are currently viewing CM मान को थप्पड़ मारने वाला AI वीडियो BJP ने किया डिलीट, भारी विवाद और AAP की कानूनी चेतावनी के बाद बैकफुट पर आई पार्टी

CM मान को थप्पड़ मारने वाला AI वीडियो BJP ने किया डिलीट, भारी विवाद और AAP की कानूनी चेतावनी के बाद बैकफुट पर आई पार्टी

चंडीगढ़: पंजाब भाजपा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किया गया विवादित और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया से हटा लिया है। इस 49 सेकंड के वीडियो में पंजाब के सरकारी स्कूलों की शिक्षा प्रणाली पर तंज कसते हुए एक क्लासरूम के भीतर मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया था। वीडियो सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में भारी बवाल मच गया और सोशल मीडिया पर भाजपा की तीखी आलोचना होने लगी, जिसके बाद पार्टी को यह पोस्ट डिलीट करने पर मजबूर होना पड़ा।

स्पेलिंग की गलती पर CM को थप्पड़ मारते दिखाया गया था सीन
भाजपा द्वारा 29 अगस्त को जारी किए गए एआई वीडियो में अरविंद केजरीवाल, सीएम भगवंत मान और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस एक स्कूल के क्लासरूम में पहुंचते नजर आते हैं। वहां दीवार पर लगे चार्ट में ‘Vegetables’ की जगह ‘Vegitables’ और ‘Deer’ की जगह ‘Dear’ लिखा दिखता है। इसके तुरंत बाद एक व्यक्ति अंदर दाखिल होकर सीएम मान को थप्पड़ जड़ देता है और कहता है कि बच्चे को गलत पढ़ाने की जिम्मेदार सरकार है। वीडियो के अंत में तीनों नेता सिर झुकाए नजर आते हैं और बच्चों के भविष्य पर सवाल उठाया जाता है।

‘आप’ ने बताया सिख समुदाय का अपमान, कानूनी कार्रवाई की दी थी चेतावनी
वीडियो वायरल होते ही आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला था। ‘आप’ के वरिष्ठ प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा था कि पंजाब के 3 करोड़ लोगों द्वारा चुने गए एक संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री और पगड़ीधारी सिख को इस तरह थप्पड़ खाते दिखाना बेहद निंदनीय और समूचे पंजाबियों का अपमान है। सोशल मीडिया यूजर्स ने भी किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री के साथ इस तरह का अमर्यादित चित्रण करने पर एतराज जताया था। ‘आप’ द्वारा मामले में कानूनी सलाह लेकर केस दर्ज करवाने की चेतावनी देने के बाद अब भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल से यह वीडियो हटा दिया गया है।

BJP deletes AI video showing CM Mann being slapped; party on the back foot following massive controversy