लुधियाना: औद्योगिक नगरी लुधियाना के पॉश इलाके कॉलेज रोड स्थित फव्वारा चौक के पास मशहूर एम.बी. जैन ज्वेलर्स में विश्वासघात का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बरसों से काम कर रहे एक भरोसेमंद एकाउंटेंट ने ही मालिक की आंखों में धूल झोंककर शोरूम से करोड़ों रुपये के सोने के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शोरूम मालिक विक्रम जैन की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने आरोपी राम शंकर, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा का रहने वाला है, के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हिसाब मांगने पर हुआ फरार
इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब शोरूम मालिक को स्टॉक में कुछ गड़बड़ी का अहसास हुआ। पीड़ित विक्रम जैन के मुताबिक, राम शंकर उनके यहाँ काफी समय से काम कर रहा था और वही दुकान के अकाउंट्स, सेल-परचेज और स्टॉक का पूरा काम संभालता था। पिछले कुछ दिनों से स्टॉक को लेकर संदेह होने पर जब 22 जनवरी को उससे रिकॉर्ड मांगा गया, तो उसने बहाना बनाते हुए कहा कि वह अगली सुबह सारा हिसाब क्लियर कर देगा। मालिक उसकी बातों में आ गए, लेकिन अगली सुबह जब शोरूम खुला तो राम शंकर नदारद था और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ आने लगा।
कंप्यूटर रिकॉर्ड में पकड़ी गई शातिर चालबाजी
शक गहराने पर जब विक्रम जैन ने खुद कंप्यूटर खोलकर सेल स्टॉक और पुराने रिकॉर्ड खंगाले, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जांच में सामने आया कि आरोपी राम शंकर ने बेहद शातिर तरीके से धोखाधड़ी की थी। उसने कंप्यूटर सिस्टम में कई फर्जी कैश बिल काट रखे थे, जिनकी भनक शोरूम प्रबंधन को बिल्कुल नहीं थी। इन फर्जी एंट्रीज के जरिए उसने कागजों में तो स्टॉक को बराबर दिखा रखा था, लेकिन असलियत में शोरूम से भारी मात्रा में सोना और नकदी गायब कर दी थी।
पुलिस ने BNS की धाराओं में दर्ज किया मामला
मामले की जांच कर रहे अधिकारी सुरिंदर कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूरी प्लानिंग के साथ फर्जी एंट्रीज डाली थीं, ताकि फिजिकल स्टॉक और कंप्यूटर स्टॉक में अंतर न दिखे और वह पकड़ में न आए। लेकिन मालिक द्वारा फिजिकल स्टॉक चेक करने पर सोने के गहनों का एक बड़ा हिस्सा गायब मिला। पुलिस ने आरोपी राम शंकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (विश्वासघात) और 306 (चोरी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

betrayal-of-trust-in-punjab-an-accountant-at-mb-jain-jewelers-in-a-posh-area-embezzled-crores-of-rupees




