You are currently viewing 21 साल की कॉलेज छात्रा आर्या राजेंद्रन बनीं देश की सबसे युवा मेयर

21 साल की कॉलेज छात्रा आर्या राजेंद्रन बनीं देश की सबसे युवा मेयर

तिरुवनंतपुरम: तिरुवनंतपुरम के मुडवानमुगल से मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पार्षद आर्या राजेंद्रन ने नगर निगम के नए महापौर के रूप में शपथ ली। वह 21 साल की हैं। आर्या यहां के ऑल सेंट्स कॉलेज में बीएससी (गणित) द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। उन्होंने मीडिया को बताया कि वह सिटी मेयर की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखेंगी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पी.के. राजू तिरुवनंतपुरम नगर निगम के उपमहापौर हैं।

उधर, कोल्लम में माकपा के प्रसन्ना अर्नेस्ट ने महापौर के रूप में शपथ ली। कोल्लम के महापौर के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल है। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि उनकी महत्वाकांक्षा कोल्लम को राज्य का सर्वश्रेष्ठ नगर निगम बनाने की है।

माकपा के एम. अनिलकुमार ने एर्नाकुलम निगम के महापौर के रूप में शपथ ली। इस निगम को राज्य का सबसे अमीर निगम माना जाता है। वाम मोर्चा ने युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को बेदखल कर इस निगम पर कब्जा जमाया है। स्थानीय समस्याओं को हल करना नए महापौर के लिए बड़ी चुनौती होगी।