काबुल: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद अब एक भीषण रक्तपात में बदलता नजर आ रहा है। तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक बड़ा और खौफनाक हमला किया है, जिसमें कम से कम 400 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हमला काबुल के 9वें पुलिस डिस्ट्रिक्ट में स्थित एक ऐसे अस्पताल पर किया गया, जहां नशे की लत से जूझ रहे लोगों का इलाज किया जाता था। इस विनाशकारी स्ट्राइक के बाद से दोनों पड़ोसी देशों के बीच युद्ध जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
मलबे में तब्दील हुआ अस्पताल
मीडिया रिपोर्ट्स और तालिबान सरकार के दावों के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना के इस भयानक हमले में अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से तबाह होकर मलबे में तब्दील हो गया है। इस हमले में 400 लोगों की जान जाने के साथ-साथ करीब 250 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है और आशंका जताई जा रही है कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं, जिससे मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। गौरतलब है कि यह भीषण हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब महज कुछ घंटे पहले ही दोनों देशों की साझा सीमा पर भारी गोलीबारी हुई थी, जिसमें अफगानिस्तान के चार लोग मारे गए थे।
पाकिस्तान ने दावों को नकारा
अस्पताल पर हुए इस हमले के बाद तालिबान सरकार का गुस्सा फूट पड़ा है। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता और सीमा का सीधा उल्लंघन करार दिया है। मुजाहिद ने स्पष्ट किया कि मारे गए और घायल हुए लोगों में ज्यादातर वे बेगुनाह मरीज थे जो अस्पताल में नशा मुक्ति का इलाज करवा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ, इस भारी तबाही के बाद पाकिस्तान ने अस्पताल पर हमले के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने बयान जारी करते हुए कहा कि काबुल में किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया है। उन्होंने सफाई दी कि उनकी स्ट्राइक्स का लक्ष्य केवल सैन्य ठिकाने और आतंकवाद को पनाह देने वाली जगहें थीं, जहां गोला-बारूद और तकनीकी उपकरणों का भंडारण किया गया था।

Afghanistan Rocked by Pakistani Airstrike; Hospital Bombed, 400 Dead








