
लुधियाना: लुधियाना दक्षिणी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना एक सड़क हादसे का शिकार हो गई हैं। बुधवार तड़के खनौरी बॉर्डर के पास उनकी इनोवा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में विधायक छीना और उनके गनमैन घायल हो गए। विधायक के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत हरियाणा के कैथल स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, विधायक राजिंद्रपाल कौर छीना अमेरिका में एक कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने के बाद मंगलवार-बुधवार की देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी थीं। एयरपोर्ट पर उन्हें लेने के लिए उनके पति, बेटे, गनमैन और ड्राइवर पहुंचे थे।

जब वे सब बुधवार सुबह दिल्ली से पंजाब लौट रहे थे, तो खनौरी बॉर्डर के पास अचानक उनकी गाड़ी के सामने कोई वस्तु आ गई। इससे ड्राइवर कार पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में विधायक और उनके गनमैन को चोटें आईं, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं। फिलहाल कैथल के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
View this post on Instagram

AAP MLA victim of road accident




