You are currently viewing पंजाब में हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटा सेब से लदा ट्रक, लगा लंबा जाम; हादसे की वजह भी आई सामने

पंजाब में हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटा सेब से लदा ट्रक, लगा लंबा जाम; हादसे की वजह भी आई सामने

लुधियाना: शहर के व्यस्त शेरपुर चौक फ्लाईओवर के पास आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेबों से लदा एक ट्रक दो युवकों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हाईवे पर सैकड़ों सेब की पेटियां बिखर गईं, जिसके चलते लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

हादसे के फौरन बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने फुर्ती दिखाते हुए ट्रक के केबिन में फंसे ड्राइवर और कंडक्टर को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।

ट्रक के ड्राइवर जावेद आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि वह श्रीनगर से सेब भरकर मध्य प्रदेश के लिए जा रहा था। जब वह शेरपुर चौक के पास पहुंचा तो अचानक दो युवक सड़क पार करने के लिए उसके ट्रक के आगे आ गए। उन्हें बचाने के लिए जैसे ही उसने स्टीयरिंग तेजी से घुमाया, ट्रक अपना संतुलन खो बैठा और डिवाइडर से टकराकर हाईवे पर पलट गया।

ट्रक पलटने से भारी नुकसान हुआ, लेकिन गनीमत रही कि ड्राइवर और कंडक्टर को मामूली चोटें ही आईं। इस दौरान कई स्थानीय लोगों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए न केवल ड्राइवर-कंडक्टर को बाहर निकाला, बल्कि सड़क पर बिखरी सेब की पेटियों को इकट्ठा करने में भी मदद की।

सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु करवाया। पुलिस ने बिखरी हुई सेब की पेटियों को सड़क किनारे सुरक्षित रखवाया और ट्रक मालिक को घटना की सूचना दे दी है। मालिक के आने के बाद ट्रक को वर्कशॉप भेजा जाएगा और सेबों को दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया जाएगा।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

A truck loaded with apples overturned