You are currently viewing फगवाड़ा बस स्टैंड से फिल्मी स्टाइल में जालंधर कंपनी की बस उड़ा ले गया चोर, रोकने के लिए नंगे पांव दौड़े साथी ड्राइवर; पुलिस तलाश में जुटी

फगवाड़ा बस स्टैंड से फिल्मी स्टाइल में जालंधर कंपनी की बस उड़ा ले गया चोर, रोकने के लिए नंगे पांव दौड़े साथी ड्राइवर; पुलिस तलाश में जुटी

फगवाड़ा: जालंधर से सटे कपूरथला जिले के फगवाड़ा बस स्टैंड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां तड़के सुबह एक शातिर चोर स्टैंड के अंदर से पूरी बस ही भगाकर ले गया। बस जालंधर की ट्रांसपोर्ट कंपनी श्री हरगोबिंदपुर की बताई जा रही है। घटना के वक्त बस का ड्राइवर और कंडक्टर दोनों अपने-अपने घर पर थे। जब एक अन्य ड्राइवर ने अज्ञात व्यक्ति को बस स्टार्ट कर ले जाते देखा, तो वह नंगे पैर ही उसके पीछे दौड़ पड़ा। हालांकि, शातिर आरोपी स्टैंड पर खड़ी दूसरी बसों को जोरदार टक्कर मारते हुए तेज रफ्तार में बस लेकर फरार होने में कामयाब रहा।

सुबह 4:40 बजे कंडक्टर के स्टैंड पहुंचने पर हुआ सनसनीखेज खुलासा

यह वारदात तड़के करीब 4 से 4:15 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना का खुलासा सुबह करीब 4:40 बजे उस समय हुआ जब बस का कंडक्टर पवन कुमार ड्यूटी के लिए बस स्टैंड पहुंचा। वहां मौजूद अन्य बस चालकों ने कंडक्टर को बताया कि उनकी बस का चालक एक गाड़ी का शीशा तोड़ते हुए बस को बड़ी तेजी से भगाकर ले गया है।

कंडक्टर ने तुरंत अपने असली ड्राइवर से फोन पर संपर्क साधा, जिसने बताया कि वह तो अभी घर पर ही मौजूद है। इसके बाद पूरे बस स्टैंड परिसर में हड़कंप मच गया और साफ हुआ कि बस को कोई शातिर चोर चुराकर ले गया है। भागते समय चोर ने स्टैंड में खड़ी अन्य गाड़ियों को भी टक्कर मारकर भारी नुकसान पहुंचाया।

पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज, बड़ी वारदात की आशंका से सहमे पीड़ित

पीड़ित बस मालिक मिंटू (निवासी जालंधर) और कंडक्टर पवन कुमार के अनुसार, पीले रंग की गुरु हरगोबिंदपुर बस (नंबर PB 10 DH 5157) रोजाना की तरह 29 अगस्त की रात 8 बजे फगवाड़ा बस स्टैंड पर पार्क की गई थी और रात 8:30 बजे इसे पूरी तरह लॉक करके स्टाफ घर चला गया था।

घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने नजदीकी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करवाई और बस की तस्वीरें पुलिस अधिकारियों को सौंपी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस स्टैंड, सामने बने फ्लाईओवर और आसपास के सभी प्रमुख मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वहीं बस मालिक और स्टाफ ने आशंका जताई है कि चोर इस बस का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक वारदात या तस्करी में कर सकता है, जिसको लेकर उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बस बरामद करने की गुहार लगाई है।

A thief stole a Jalandhar-bound bus from the Phagwara bus stand in a filmy-style heist