You are currently viewing मशहूर बसंत आइसक्रीम रेस्टोरेंट में छत के रास्ते घुसा चोर, 2.50 लाख कैश और 5 मोबाइल लेकर हुआ रफूचक्कर; CCTV में दिखा नकाबपोश

मशहूर बसंत आइसक्रीम रेस्टोरेंट में छत के रास्ते घुसा चोर, 2.50 लाख कैश और 5 मोबाइल लेकर हुआ रफूचक्कर; CCTV में दिखा नकाबपोश

लुधियाना: लुधियाना के फव्वारा चौक स्थित शहर के मशहूर ‘बसंत आइसक्रीम’ रेस्टोरेंट में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने सुरक्षा के तमाम इंतजामों को धता बताते हुए रेस्टोरेंट से लाखों रुपये की नकदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोर छत के रास्ते रेस्टोरेंट के अंदर दाखिल हुआ और इत्मीनान से चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

रेस्टोरेंट के मालिक चरणजीत सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, यह घटना शनिवार तड़के करीब 4 बजे की है। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात युवक छत के रास्ते इमारत के अंदर घुसा। अंदर आते ही उसने सबसे पहले मेन काउंटर का लॉक तोड़ा। सुबह जब कर्मचारी सफाई और काम के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे, तो टूटा हुआ काउंटर देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत मालिक को सूचित किया। जांच करने पर पता चला कि गल्ले में रखे 2 लाख 50 हजार रुपये नकद और वहां रखे 5 मोबाइल फोन गायब थे।

वारदात की सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने रेस्टोरेंट के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जिसकी उम्र करीब 45 साल के आसपास लग रही है। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। वह छत के रास्ते नीचे उतरता और चोरी की वारदात को अंजाम देता कैमरे में कैद हुआ है।

पुलिस फिलहाल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी स्कैन कर रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं। वहीं, रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि फव्वारा चौक का इलाका वैसे तो काफी भीड़भाड़ वाला है, लेकिन तड़के सुबह यहां सन्नाटा रहता है, जिसका फायदा चोर ने उठाया। हालांकि, पुलिस के लिए अभी भी यह पहेली बनी हुई है कि चोर छत तक कैसे पहुंचा, इस पहलू पर भी गंभीरता से जांच की जा रही है। 

A thief entered the famous Basant Ice Cream restaurant through the roof and made off with Rs 2.50 lakh in cash