You are currently viewing पंजाब में शर्मनाक करतूत, नहाते वक्त वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था मकान मालिक; तंग आकर विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम

पंजाब में शर्मनाक करतूत, नहाते वक्त वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था मकान मालिक; तंग आकर विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम

लुधियाना: लुधियाना के जगीरपुर स्थित सुरजीत कॉलोनी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 32 वर्षीय विवाहिता ने अपने मकान मालिक की घिनौनी करतूतों और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। आरोप है कि मकान मालिक ने महिला का नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बना लिया था और उसी के दम पर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। मृतका की पहचान रोजी के रूप में हुई है। रोजी के दो मासूम बच्चे हैं और घर चलाने की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी, क्योंकि उनका पति पिछले पांच महीनों से रोजगार के लिए विदेश गया हुआ है।

मौत से पहले मोबाइल में रिकॉर्ड किया अपना दर्द

मृतका के पिता पाला राम ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को उन्हें बेटी की आत्महत्या की मनहूस खबर मिली। रोजी ने यह खौफनाक कदम उठाने से पहले अपने मोबाइल फोन में कई वीडियो क्लिप रिकॉर्ड की थीं, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत बन गई हैं। इन वीडियो में रोजी ने रोते हुए अपनी पीड़ा बयां की और अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर मकान मालिक सतनाम उर्फ टिक्का को जिम्मेदार ठहराया। उसने वीडियो में खुलासा किया कि वह किस तरह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। ससुराल पक्ष का कहना है कि रोजी ने कभी अपनी परेशानी का जिक्र नहीं किया और बच्चों की बातें हमेशा खुशी से करती थी, लेकिन अंदर ही अंदर वह घुट रही थी।

मकान मालिक और उसकी पत्नी पर केस दर्ज

मामले की जांच कर रहे टिब्बा थाने के एएसआई बलजीत सिंह ने बताया कि घटना 9 फरवरी की है। पुलिस ने रोजी का शव पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतका के मोबाइल वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर में मकान मालिक सतनाम उर्फ टिक्का और उसकी पत्नी पुष्पा को नामजद किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

A shameful act in Punjab: A landlord blackmailed a woman by filming her bathing