
लुधियाना: जिले के ग्यासपुरा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस में रहने वाले युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पत्नी के साथ शहर छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन वेहड़े (किराए के मकानों का अहाता) के मालिक और अन्य लोगों की सूझबूझ से उसे रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान ग्यासपुरा की मक्कड़ कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय नंदलाल के रूप में हुई है, जो एक टायर फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस को मृतक के चेहरे, होंठ के नीचे और गले पर चाकू से किए गए कई वार के निशान मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक, नंदलाल बीती रात अपने कमरे में सो रहा था, जब उसकी हत्या कर दी गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी पड़ोसी अपनी पत्नी और परिवार के सदस्यों के साथ बैग पैक करके अचानक वेहड़ा खाली कर रेलवे स्टेशन के लिए निकल पड़ा। देर रात इस तरह घर छोड़ने पर वेहड़े के मालिक जसपाल सिंह और अन्य लोगों को शक हुआ।
इसी बीच, एक अन्य किराएदार ने नंदलाल के कमरे में जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। अंदर नंदलाल का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसने तुरंत शोर मचाकर सबको इकट्ठा किया।
वेहड़ा मालिक जसपाल सिंह ने फौरन पुलिस को सूचना दी और कुछ लोगों के साथ खुद रेलवे स्टेशन की ओर भागे। वहां उन्होंने अन्य लोगों की मदद से आरोपी किराएदार को ढूंढ निकाला और उसे पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया। लोगों के अनुसार, हत्या से पहले आरोपी का अपनी पत्नी के साथ काफी झगड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते उसने नंदलाल की हत्या कर दी, क्योंकि उसे शक था कि नंदलाल के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे।
उधर, पुलिस चौकी ग्यासपुरा के इंचार्ज चांद अहीर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। कमरे से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शरीर पर चाकुओं के गहरे निशान हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का पूरी तरह से खुलासा कर दिया जाएगा।
View this post on Instagram

a neighbour stabbed a young man




