You are currently viewing पंजाब में रिश्तों का कत्ल, फार्मेसी छात्रा से शराबी पिता ने किया दुष्कर्म; मां के बाहर जाने के बाद घर में अकेली थी बेटी

पंजाब में रिश्तों का कत्ल, फार्मेसी छात्रा से शराबी पिता ने किया दुष्कर्म; मां के बाहर जाने के बाद घर में अकेली थी बेटी

लुधियाना: लुधियाना के न्यू शक्ति नगर इलाके में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने बाप-बेटी के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 21 वर्षीय बेटी को अपनी हवस का शिकार बना डाला। पीड़िता शहर के एक निजी कॉलेज में फार्मेसी की पढ़ाई करती है। घटना के वक्त लड़की घर में अकेली थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बेटी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना टिब्बा पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मां और भाई-बहन गए थे बिहार

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि नवंबर 2025 में उसकी मां और भाई-बहन अपने पैतृक गांव बिहार चले गए थे। इसके बाद से वह अपनी पढ़ाई के सिलसिले में घर पर पिता के साथ ही रह रही थी। छात्रा का आरोप है कि मां के जाने के बाद से ही शराब के नशे में धुत पिता की नियत खराब हो गई थी। वह अक्सर शराब पीकर उसके साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने की कोशिश करता था। पीड़िता ने डरते हुए फोन पर अपनी मां को पिता की इन हरकतों की जानकारी दी थी, जिसके बाद मां ने फोन पर पिता को काफी फटकार लगाई और समझाया भी था।

मुंह दबाकर किया रेप

मां की डांट के बाद कुछ दिन तक पिता शांत रहा, लेकिन 8 फरवरी की रात उसने सारी हदें पार कर दीं। रात करीब 8 से 9 बजे के बीच शराब के नशे में धुत आरोपी जबरन बेटी के कमरे में घुस गया। उसने बेटी को दबोच लिया और उसे तख्तपोश पर पटक दिया। जब छात्रा ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह उसे कमरे में छोड़कर चला गया।

हेल्पलाइन 181 पर मांगी मदद

इस भयानक हादसे से डरी-सहमी छात्रा अगले दिन हिम्मत जुटाकर कॉलेज पहुंची, लेकिन वहां अपने सहपाठियों को देखते ही फफक कर रो पड़ी। दोस्तों के पूछने पर उसने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत हेल्पलाइन नंबर 181 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महिला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचीं और कॉलेज परिसर में ही पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

A murder of relationships in Punjab: A pharmacy student is raped by an alcoholic father