You are currently viewing जालंधर बाईपास के पास रूह कंपा देने वाला हादसा, डिवाइडर से सिर टकराने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, आंख बाहर आई- नाक की हड्डी पर चोट; शिनाख्त में जुटी पुलिस

जालंधर बाईपास के पास रूह कंपा देने वाला हादसा, डिवाइडर से सिर टकराने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, आंख बाहर आई- नाक की हड्डी पर चोट; शिनाख्त में जुटी पुलिस

लुधियाना: महानगर के जालंधर बाईपास के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसने देखने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और चालक सीधे डिवाइडर से जा टकराया। सिर डिवाइडर पर लगने से युवक की नाक की हड्डी टूट गई और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसा इतना भयावह था कि युवक की एक आंख बाहर आ गई और उसने खून से लथपथ हालत में मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पहले थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल का मुआयना करने पर पता चला कि यह क्षेत्र उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद थाना दरेसी की पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे थाना दरेसी के एएसआई सुखविंदर सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है, क्योंकि तलाशी लेने पर उसकी जेब से कोई भी पहचान पत्र, आधार कार्ड या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस अब मृतक की पहचान के लिए उसकी बाइक के नंबर का सहारा ले रही है। एएसआई सुखविंदर सिंह के मुताबिक, बाइक किसी सब-डिवीजन की प्रतीत हो रही है, जिसे ट्रेस करके उसके मालिक तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी टक्कर मारने वाले वाहन या उसके चालक को नहीं देखा। दुर्भाग्यवश, घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा है, जिससे आरोपी वाहन चालक के बारे में सुराग मिल सके। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ा रही है और वारिसों की तलाश कर रही है।

A horrific accident near Jalandhar bypass: A biker died a gruesome death after his head hit the divider; his eye was dislodged from its socket.